बिहारशरीफ. बिंद थाना क्षेत्र के बिहटा-सरमेरा मुख्य मार्ग पर निगराइन मोड़ के समीप बुधवार को तेज रफ्तार हाइवा ने एक ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा सड़क के बीचोंबीच पलट गया. हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी. घायल चालक की पहचान सरमेरा थाना क्षेत्र के मलावा गांव निवासी स्व. शिवनंदन केवट के पुत्र उमेश केवट के रूप में की गयी है.
पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने बिंद थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस का गश्ती दल घटनास्थल पर पहुंचा और गंभीर रूप से घायल ई-रिक्शा चालक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंद में भर्ती कराया.
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मॉडल अस्पताल बिहारशरीफ रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल को बेहतर उपचार के लिए बिहारशरीफ ले गये.
हाइवा जब्त, जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ई-रिक्शा को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया. थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि दुर्घटना में शामिल हाइवा को जब्त कर थाना लाया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
