स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हिलसा अनुमंडल क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साह देखने को मिल रहा है. गुरुवार को एसयू कॉलेज, हिलसा में भव्य तिरंगा यात्रा, चिकसौरा के नंदकेश्वर सिंह प्लस टू उच्च विद्यालय में छात्र-छात्राओं द्वारा तिरंगा यात्रा तथा हिलसा प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में आकर्षक रंगोली बनाई गई.
एसयू कॉलेज, हिलसा में ‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली गई. कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शिवचन्द्र सिंह ने किया.
यात्रा में एनएसएस स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. यात्रा कॉलेज परिसर से निकलकर मुख्य मार्ग, वरुण तल चौराहा, स्टेशन रोड एवं योगीपुर रोड से होते हुए पुनः कॉलेज परिसर पहुंचकर संपन्न हुई.
घर-घर जाकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति किया गया जागरूक
इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत घर-घर जाकर लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व एवं सम्मान के प्रति जागरूक किया तथा कई घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा लगाया.
चिकसौरा में छात्र-छात्राओं द्वारा तिरंगा यात्रा
वहीं, चिकसौरा स्थित राजकीय नंदकेश्वर सिंह प्लस टू उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली. हाथों में तिरंगा लेकर छात्र-छात्राएं देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में शामिल हुए.
तिरंगा यात्रा विद्यालय परिसर से शुरू होकर चिकसौरा बाजार समेत विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी. विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक रामकुमार ओझा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छात्र-छात्राओं द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है.
Also Read : शेखपुरा में न्यायिक कार्यों की निगरानी के लिए नई कमेटी गठित, कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन-ऑफलाइन कर सकेगा शिकायत
प्रखंड कार्यालय परिसर में बनी आकर्षक रंगोली
इधर, हिलसा प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आकर्षक रंगोली बनाई गई. रंगोली के माध्यम से देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया. इस दौरान बीडीओ, सीओ, सीडीपीओ, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी समेत कई पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे.
सरकारी और निजी विद्यालयों में हुए विभिन्न कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस को लेकर हिलसा एवं चिकसौरा क्षेत्र के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए गए. छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, चित्रकला, रंगोली एवं तिरंगा यात्रा सहित विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया. विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला.
