नालंदा : झमाझम बारिश से धान रोपनी पहुंची 55% के पार, बिहारशरीफ के कई मोहल्लों में जलजमाव

Nalanda Rain News : नालंदा में हुई झमाझम बारिश ने जहां एक ओर लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी है, वहीं किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई है. बारिश से धान रोपनी में तेजी आई है और 55% रोपनी पूरी हो चुकी है. हालांकि, शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है.

Nalanda Rain News : शहर में रविवार की संध्या हुई झमाझम बारिश ने शहरवासियों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दी है. बादल कड़कने के साथ जोरदार बारिश हुई. लगातार पड़ रही चिपचिपी गर्मी के बाद हुई इस बारिश से मौसम सुहाना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई.

लोगों ने राहत की सांस ली और घरों से बाहर निकलकर मौसम का आनंद लिया.बारिश के कारण जलजमाव वाले कई मोहल्ले में बच्चे कागज की नाव बनाकर तैराते देखे गये. बच्चों ने बारिश का जमकर आनंद उठाया.

धान रोपनी में आई तेजी, किसान गदगद :

इस बारिश से सबसे ज्यादा खुशी किसानों के चेहरे पर दिखी. खेतों में पानी भर जाने से धान रोपनी के काम में तेजी आई है. कृषि विभाग के अनुसार, जिले में अब तक 55 फीसदी धान की रोपनी पूरी हो चुकी है. समय पर बारिश होने से बचे हुए खेतों में भी जल्द रोपनी पूरी होने की उम्मीद है. किसान बारिश को फसल के लिए वरदान बता रहे हैं.

शहर के कई मोहल्ले में जलजमाव :

दूसरी ओर, झमाझम बारिश शहर के लिए आफत भी बन गई. शहर के रामचंद्रपुर, मथुरिया मोहल्ला, भरावपर, देवीसराय, सोहसराय और रांची रोड समेत कई इलाकों की गलियों व मुख्य सड़कों पर जलजमाव हो गया. घुटनों तक पानी भरने से पैदल चलने वाले लोगों, बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. शहर के कई नीचले इलाके के घरों में भी पानी घुस गया.

नगर निगम की नाले सफाई की खुली पोल

जलजमाव ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था की हकीकत सामने ला दी. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर बरसात से पहले शहर के सभी बड़े नालों की समुचित सफाई कराई गई होती तो यह स्थिति नहीं बनती. नाले जाम होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पाई और सड़कें मिनी तालाब बन गईं. लोगों ने निगम की लापरवाही पर नाराजगी जताई है.

आज से होगा एंटी लार्वा का छिड़काव :

हालांकि जलजमाव के बीच राहत की खबर यह है कि बरसात जनित बीमारियों पर रोक लगाने के लिए नगर निगम आज 20 जुलाई से शहर में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव शुरू कराएगा.

निगम अधिकारियों का दावा है कि सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से दवा का छिड़काव होगा ताकि डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों को फैलने से रोका जा सके. बारिश ने जहां एक ओर किसानों और आम लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं शहर की जलनिकासी व्यवस्था पर बड़ा सवाल भी खड़ा कर दिया है.

Also Read : गया जी : बारिश में बढ़ रहे सर्पदंश के मामले, जानें सांप काटने पर क्या करें और क्या बिल्कुल न करें


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >