Gas Cylinder Explosion: हरनौत थाना क्षेत्र के पोआरी गांव में शनिवार दोपहर गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए जोरदार विस्फोट से घर में चीख-पुकार मच गयी. हादसे में दो बच्चों और एक महिला समेत आठ लोग झुलसकर जख्मी हो गये. विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के लोग भी सहम गये. आनन-फानन में सभी घायलों को कल्याण बिगहा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से झुलसे चार लोगों को सदर अस्पताल बिहारशरीफ रेफर किया गया.
दूध गर्म करने के दौरान सिलेंडर में लगी आग
गांव के वार्ड सदस्य रोशन कुमार ने बताया कि पोआरी गांव निवासी मनोहर सिंह के घर में शनिवार को 14 किलो के घरेलू गैस सिलेंडर पर दूध गर्म किया जा रहा था. इसी दौरान सिलेंडर में अचानक आग लग गयी. आग देखकर घर में अफरा-तफरी मच गयी.
आग बुझाने के लिए परिवार के सदस्यों के साथ आसपास के लोग भी जुट गये. इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ गैस सिलेंडर फट गया. विस्फोट की चपेट में आने से मनोहर सिंह की पत्नी रीना देवी, पप्पू सिंह समेत आठ लोग झुलस गये. घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं.
विस्फोट के बाद मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
सिलेंडर में विस्फोट के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. घटना की सूचना मिलने पर हरनौत थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची. दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद घर में लगी आग पर काबू पाया.
रसोई का सामान जलकर क्षतिग्रस्त
आग लगने से घर की रसोई में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा. गंभीर रूप से झुलसे चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ रेफर किया गया.
