Smack Seized: गिरियक थाना क्षेत्र के बंगाली बिगहा स्थित पवन ईंट-भट्ठा के पास पुलिस ने छापेमारी कर स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से 80 पुड़िया स्मैक पाउडर, छह स्मार्ट फोन और दो बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है. छापेमारी के दौरान एक युवक मौके से भागने में सफल रहा. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने यह जानकारी दी.
सूचना मिलते ही गठित की गयी छापेमारी टीम
डीएसपी ने बताया कि शनिवार को करीब 3:30 बजे गिरियक थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि बंगाली बिगहा में पवन ईंट-भट्ठा के समीप दो बुलेट मोटरसाइकिल से पहुंचे पांच व्यक्ति स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. थानाध्यक्ष ने इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी, जिसके बाद तत्काल छापेमारी टीम गठित की गयी.
पुलिस को देखते ही भागने लगे पांचों आरोपी
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विधिवत छापेमारी की. पुलिस को देखते ही पांचों आरोपी भागने लगे. सशस्त्र बल के सहयोग से पुलिस ने चार आरोपियों को खदेड़कर पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी फरार होने में सफल रहा.
प्रत्येक के पास से मिली 20-20 पुड़िया
पकड़े गये युवकों की तलाशी लेने पर उजले कागज की पुड़िया में मोड़ा हुआ स्मैक पाउडर बरामद किया गया. थानाध्यक्ष के अनुसार प्रत्येक आरोपी के पास से 20-20 पुड़िया स्मैक मिली. इस तरह कुल 80 पुड़िया स्मैक पाउडर बरामद किया गया. इसके अलावा छह स्मार्ट फोन और दो बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की गयी है. पुलिस ने बरामद सामान की विधिवत जब्ती सूची तैयार की है.
चार आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में गिरियक थाना क्षेत्र के राहुल कुमार, सिकंदरा निवासी रौशन कुमार, काली बिगहा निवासी अमन राज और सिकंदरा निवासी मंटु कुमार शामिल हैं.
फरार आरोपी और नेटवर्क की जांच जारी
छापेमारी टीम में गिरियक अंचल पुलिस निरीक्षक सुमंत कुमार, थानाध्यक्ष श्रीकांत कुमार, एसआई राहुल कुमार, कतरीसराय थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार समेत सशस्त्र बल शामिल थे. पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. साथ ही स्मैक के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है.
