Nalanda Crime: गिरियक थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव में रविवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गयी, जब पिता घर लौटे तो बिस्तर पर 35 वर्षीय बेटे रंजीत चौधरी की लाश पड़ी मिली. रंजीत शनिवार रात घर में अकेला सोया था. सुबह उसके मृत मिलने और गले पर निशान पाए जाने से हत्या की आशंका गहरा गयी है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
सामुदायिक भवन में सोने गये थे पिता
बताया जाता है कि रंजीत के पिता सुरेश चौधरी शनिवार रात सामुदायिक भवन में सोने चले गये थे. उस समय रंजीत घर में अकेला था. रविवार सुबह सुरेश चौधरी जब घर लौटे तो उन्होंने बेटे को बिस्तर पर मृत पड़ा देखा. इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना गिरियक थाना पुलिस को दी.
गले पर मिले निशान, हत्या की आशंका पर जांच
थानाध्यक्ष श्रीकांत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक के गले पर निशान पाए गये हैं. इस कारण हत्या की आशंका को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. रात के दौरान घर के आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि हुई थी या नहीं, इसकी भी जानकारी जुटायी जा रही है. पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ ही मृतक के संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी एकत्र कर रही है.
पत्नी की पहले ही हो चुकी है मौत
परिजनों ने बताया कि रंजीत की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है. ऐसे में उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं.
अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी, आरोपी की पहचान में जुटी पुलिस
मृतक के पिता के बयान पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस हत्या के कारण और आरोपी की पहचान में जुटी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
