नालंदा : CCTV में कैद हुई CNG ऑटो चोरी, 8 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

Nalanda News : नालंदा जिले के हरनौत में एक सीएनजी ऑटो की चोरी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. घटना 3 जुलाई की रात की है, लेकिन आठ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं. ऑटो मालिक के परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है.

Nalanda News : नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र के आदर्श नगर मुहल्ले से पश्चिम स्थित डीहपर से एक सीएनजी ऑटो चोरी हो जाने का मामला सामने आया है. पूरी घटना मुहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है. सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि चोर सीएनजी ऑटो लेकर स्थानीय देवी मंदिर से होकर रांची रोड पर आता है और उत्तर दिशा में बख्तियारपुर की ओर चला जाता है.

साथ में सीएनजी ऑटो के पीछे एक बाइक पर दो लोग सवार होकर जा रहे हैं. घटना बीते तीन जुलाई की रात की है. इसको लेकर सबनहुआडीह गांव के निवासी गणेश यादव की पत्नी पार्वती देवी ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई और सीएनजी ऑटो बरामदगी की गुहार लगाई है. मगर आठ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं.

आजीविका का साधन छिनने से संकट

जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक गणेश यादव हर दिन की भांति डीह पर स्थित एक व्यक्ति के मकान के पीछे गाड़ी खड़ी करके सोने चले गए थे. लेकिन सुबह जब वह मकान के पीछे खड़ी अपनी गाड़ी लेने पहुंचे, तो चोरी का पता चला. जब उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की, तो कोई पता नहीं चला. सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि चोर देर रात योजनाबद्ध तरीके से आए और ऑटो लेकर फरार हो गए.

ऑटो मालिक ने बताया कि ढाई वर्ष पहले ईएमआई पर यह गाड़ी खरीदी थी. इसमें हर महीने करीब आठ हजार रुपए किस्त भी जमा होती थी, जिसमें 17 किस्तें अभी बाकी हैं. उन्होंने बताया कि यह वाहन उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन था. हर रोज इससे चार सौ से पांच सौ रुपए कमा लेते थे. ऑटो चोरी होने से परिवार के सामने रोजगार का गंभीर संकट खड़ा हो गया है.

चोरी की घटनाओं से बढ़ा आक्रोश

इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. बाजार वासियों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.

स्थानीय नागरिकों ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई कर अपराधियों को पकड़ना चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके. वहीं, थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है. अनुसंधान की जिम्मेदारी थाने में तैनात एएसआई कृष्णा प्रसाद को मिली है. वहीं, एएसआई कृष्णा ने कहा कि अभी तक इस मामले में कुछ पता नहीं चल सका है.

Also Read : जलजमाव से जूझ रहा बेगूसराय का झमटिया प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ाई कराने को मजबूर शिक्षक



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >