एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में बेगूसराय के इनामी अपराधी को लगी गोली, जख्मी हालत में गिरफ्तार

biharsharif news : चेवाड़ा थाने के एकाढ़ा गांव में बहनोई के घर छिपा था गोलू सिंह, ऑटोमेटिक पिस्टल, छह कारतूस व एक खोखा बरामदगोलू सिंह पर 50 हजार रुपये का घोषित था इनाम

शेखपुरा. जिले के चेवाड़ा थानांतर्गत एकाढा गांव में एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी कुख्यात अपराधी गोलू सिंह गोली लगने से जख्मी हो गया. इस दौरान जख्मी हालत में गोलू सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया. उसके पास से एक ऑटोमेटिक पिस्टल एवं 06 कारतूस भी बरामद किया गया.बेगूसराय जिले के कुख्यात अपराधी गोलू सिंह की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लंबे अरसे से उसकी तलाश में जुटे हुए थे. इस दौरान एसटीएफ टीम भी उसकी तलाश कर रही थी. इसी क्रम में गोलू सिंह के शेखपुरा जिला स्थित चेवाड़ा थाना अंतर्गत एकाढा गांव निवासी अपने बहनोई विनोद सिंह के यहां छिपे रहने की सूचना मिली थी. इसके बाद एसटीएफ की टीम भी शेखपुरा पहुंची थी. एसपी बलिराम कुमार चौधरी के निर्देश पर शेखपुरा थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में एसटीएफ फोर्स ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया. इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी बलिराम कुमार चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार गोलू सिंह बेगूसराय के मटिहानी थाना क्षेत्र के रामदीरी गांव का निवासी है.करीब 32 साल के उम्र के गोलू हत्या और लूट समेत 19 आपराधिक मामलों में फरार था. उसकी गिरफ्तारी को लेकर सूचना देने वालों के लिए बेगूसराय पुलिस ने 50 हजार का इनाम भी घोषित कर रखा था. शेखपुरा जिले के एकाढ़ा गांव में उसकी मौजूदगी की सूचना के बाद पुलिस टीम ने करीब 12 घंटे तक इलाके की घेराबंदी की. इस दौरान गोलू सिंह के उसके बहनोई के बगीचे में छिपे रहने की सूचना मिली. इसके बाद पूरे बगीचे को घेर लिया गया और गोलू सिंह को आत्मसमर्पण किए जाने की चेतावनी दी गई. परंतु इसी दौरान गोलू सिंह ने पुलिस पर ही फायरिंग करनी शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ फोर्स की जवाबी फायरिंग में गोली उसके दाहिने पैर में लगी. घटना में घायल अवस्था में पुलिस ने उसे पकड़ लिया और कड़ी सुरक्षा के बीच सदर अस्पताल में भर्ती कराया. सदर अस्पताल में कड़ी सुरक्षा के बीच उसे बेहतर इलाज के लिए पावापुरी रेफर किया गया.इस ऑपरेशन के दौरान कई राउंड गोलियां चलीं. पुलिस अब इस मामले में छानवीन कर रही है.

मुठभेड़ के दौरान गांव में मची रही अफरातफरी :

कुख्यात अपराधी गोलू सिंह की गिरफ्तारी को लेकर मुठभेड़ के दौरान गांव में अफरा तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई. पहले तो बड़ी संख्या में पुलिस बलों की संख्या को देख कई ग्रामीणों को कुछ समझ में ही नहीं आया. इसके बाद एसटीएफ की टीम एवं शेखपुरा जिले की पुलिस ने उस बगीचे को घेर लिया जहां गोलू सिंह के छिपे होने की सूचना मिली और फिर वहां दोनों तरफ से फायरिंग की घटना घटित हुई. भारी तादाद में पुलिस वालों के गांव पहुंचने एवं बगीचे के पास ताबड़तोड़ फायरिंग को लेकर गांव में अफरा तफरी की स्थिति उत्पन्न रही. हालांकि घटना के बाद ग्रामीणों को पूरी जानकारी मिलने के बाद स्थिति सामान्य हुई. गोलीबारी के दौरान कई ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल भी देखा गया.

रात्रि में भी पुलिस ने बिछाया था जाल :

बेगूसराय जिले के ईस 50 हजार के इनामी अपराधी को पकड़ने ने लिये पुलिस ने शनिवार की रकात को जाल बिछाया था. सूत्रों ने बताया कि लेकिन सटीक लोकेशन नहीं मिलने की स्थिति में पुलिस कार्रवाई नहीं कर सकी. इस कुख्यात अपराधी की टोह ले रही एसटीएफ की टीम को रविवार की दोपहर कुख्यात अपराधी गोलू सिंह की पक्की पहचान होने के बाद पुलिस कार्रवाई में जुट गई. इस कार्रवाई में गोलू सिंह फायरिंग कर भागने का प्रयास किया.लेकिन पुलिस की जबाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगने के बाद गिरने के साथ ही उसे दबोच लिया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >