बिहारशरीफ जंक्शन पर मिले नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका, पूछताछ के दौरान लड़के की बिगड़ी तबीयत; अस्पताल में भर्ती

बिहारशरीफ जंक्शन पर संदिग्ध हालत में घूम रहे नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका से पूछताछ के दौरान लड़के की तबीयत अचानक बिगड़ गई. गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया. दोनों घर से लापता थे और उनकी दोस्ती एक साल से थी.

lovers at junction: बिहारशरीफ जंक्शन पर मंगलवार शाम उस समय हलचल मच गयी, जब लंबे समय से संदिग्ध हालत में घूम रहे नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका पर रेल पुलिस की नजर पड़ी. पुलिसकर्मियों ने दोनों को रोककर पूछताछ की. इसी दौरान 17 वर्षीय लड़के की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. गंभीर हालत को देखते हुए रेल पुलिस ने बिना देर किये उसे बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति गंभीर बतायी है.

दोनों नाबालिग शेखपुरा जिले के रहने वाले हैं और सोमवार से घर से लापता बताये जा रहे हैं. रेल थानाध्यक्ष लक्ष्मण कुमार ने बताया कि जंक्शन परिसर में दोनों काफी देर से घूम रहे थे. इसी दौरान उनके बीच कहासुनी भी हो रही थी. गतिविधियां संदिग्ध लगने पर रेल पुलिसकर्मी उनके पास पहुंचे.

लड़की ने बताया, दोनों के बीच एक साल से है जान-पहचान

पूछताछ के दौरान लड़की ने पुलिस को बताया कि लड़का उसका प्रेमी है. दोनों के बीच करीब एक वर्ष से बातचीत और जान-पहचान है. लड़की के अनुसार, सोमवार को वह घर में बिना बताये प्रेमी के साथ पटना चली गयी थी. उसे वहां आधार कार्ड बनवाना था.

पटना से लौटने के दौरान दोनों बिहारशरीफ जंक्शन पहुंचे. लड़की ने पुलिस को बताया कि जंक्शन पहुंचने के दौरान पता नहीं कब उसके प्रेमी ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया. कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. वह कुछ कर पाती, उससे पहले रेल पुलिसकर्मी दोनों के पास पहुंच गये और लड़के को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया.

ननिहाल आने के दौरान हुई थी दोनों की दोस्ती

लड़की ने पुलिस को बताया कि उसके गांव में लड़के का ननिहाल है. ननिहाल आने के दौरान दोनों की मुलाकात होती थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और करीब एक साल से दोनों संपर्क में थे. लड़की दसवीं कक्षा की छात्रा है, जबकि लड़का कंप्यूटर की पढ़ाई कर रहा है.

परिजन पहुंचे तो सामने आये अलग-अलग आरोप

घटना की जानकारी मिलने के बाद लड़की के परिजन बुधवार तड़के सदर अस्पताल पहुंचे. उसकी मां ने बताया कि बेटी सोमवार से घर से लापता थी और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे. उन्हें बेटी के प्रेम-प्रसंग की जानकारी नहीं थी. वहीं, लड़के की मां ने लड़की और उसके परिवार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बेटे को बहला-फुसलाकर ले जाया गया. हालांकि, पुलिस ने किसी पक्ष के आरोप की पुष्टि नहीं की है.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

रेल थानाध्यक्ष लक्ष्मण कुमार ने बताया कि स्टेशन परिसर में दोनों नाबालिग काफी देर से घूम रहे थे और उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं. पूछताछ के दौरान लड़के की तबीयत खराब होने की जानकारी मिली. उसे तत्काल सदर अस्पताल भेजकर दोनों के परिजनों को सूचना दे दी गयी है. उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों तथा दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमर वर्मा

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >