Bihar Sharif Railway Station : बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को मानवता की बेजोड़ मिसाल दिखी. नई दिल्ली से अपने गांव लौट रही गर्भवती महिला ने श्रमजीवी एक्सप्रेस में पहले बेटे और स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर दूसरी संतान बेटी को जन्म दिया.
इस कठिन घड़ी में किन्नर समाज, जीआरपी की महिला जवानों और एंबुलेंस टीम की तत्परता से मां और एक नवजात की जान बच गई. दरअसल, अस्थावां थाना क्षेत्र के अमावा गांव निवासी दशरथ बिंद दिल्ली में मजदूरी करते हैं.
वह अपनी गर्भवती पत्नी श्यामफूला देवी के साथ ट्रेन से घर लौट रहे थे. यात्रा के दौरान महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हुई. ट्रेन में मौजूद किन्नरों की मदद से उसने श्रमजीवी एक्सप्रेस में ही एक बेटे को जन्म दिया.
प्लेटफॉर्म पर हुआ दूसरा प्रसव और मदद
सूचना मिलते ही एंबुलेंस टीम स्टेशन पहुंची. ट्रेन से उतरते ही महिला को दोबारा प्रसव पीड़ा हुई. किन्नर समाज और जीआरपी की महिला जवानों ने उसे प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित उतारा. तब तक दूसरे नवजात का आधा शरीर बाहर आ चुका था. मौके पर ही सुरक्षित प्रसव कराया गया. ईएमटी मोहम्मद असगर ने बताया कि इसके बाद जच्चा और दोनों बच्चों को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया.
Also Read : आरा में हजारों मवेशियों पर मंडरा रहा बरसाती बीमारियों का खतरा, टीकाकरण नहीं होने से पशुपालक चिंतित
अस्पताल में इलाज और नवजात बच्ची की मौत
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजीव रंजन ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर नवजात बच्ची की मौत हो गई. वहीं मां और नवजात बेटे की स्थिति सामान्य है और दोनों डॉक्टरों की निगरानी में हैं. घटना के बाद किन्नर समाज, जीआरपी और एंबुलेंस टीम की संवेदनशीलता की हर ओर सराहना हो रही है.
