नेपाल में प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत पर फूटा गुस्सा, बिहारशरीफ में निकला कैंडल मार्च, सीबीआई जांच की मांग तेज

Bihar Sharif News : नेपाल में प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत, न्याय की मांग को लेकर बिहारशरीफ में छात्रों का कैंडल मार्च. नीचे पढ़िए पूरा मामला.

नालंदा (बिहारशरीफ) से सुनील कुमार की रिपोर्ट
Bihar Sharif News : नेपाल के एक होटल में ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत के मामले ने अब राजनीतिक और सामाजिक तूल पकड़ लिया है. नालंदा जिले के बिहारशरीफ में छात्रों और युवाओं ने कैंडल मार्च निकालकर प्रिंस यादव को श्रद्धांजलि दी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने घटना की सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई. बिहारशरीफ के श्रम कल्याण केंद्र मैदान से बड़ी संख्या में छात्र-युवाओं ने कैंडल मार्च निकाला. हाथों में मोमबत्ती और न्याय संबंधी तख्तियां लेकर युवाओं ने प्रिंस यादव की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को न्याय दिलाने की मांग की.

कैंडल मार्च में गूंजा न्याय का स्वर, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

कैंडल मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा. इस दौरान प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि प्रिंस यादव की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. छात्रों ने आरोप लगाया कि घटना के कई पहलू अभी भी स्पष्ट नहीं हैं, इसलिए मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराई जानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके. प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर की जा रही टिप्पणियों पर भी नाराजगी जताई. युवाओं ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए.

न्याय मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन

छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा. उन्होंने जरूरत पड़ने पर आमरण अनशन तक करने की बात कही. फिलहाल प्रिंस यादव की मौत को लेकर सवाल लगातार उठ रहे हैं और मामले की जांच जारी है. वहीं, बिहारशरीफ में निकले इस कैंडल मार्च ने यह साफ कर दिया है कि छात्र-युवा इस मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग को लेकर लगातार आवाज बुलंद कर रहे हैं.

Also Read : जन शिकायतों पर सरकार गंभीर, गांव में ही होगा समस्याओं का समाधान, प्रभारी मंत्री का अधिकारियों को स्पष्ट संदेश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >