PMCH में युवक की मौत के बाद हरनौत में बवाल, शव रखकर सड़क जाम, न्याय और मुआवजे की मांग पर प्रदर्शन

Bihar Sharif News : बिहारशरीफ के हरनौत थाना क्षेत्र में घायल युवक सोनू कुमार की पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर हाईवे जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की.

Bihar Sharif News : हरनौत थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा मोड़ के समीप घायल अवस्था में मिले युवक की इलाज के दौरान पटना पीएमसीएच में मौत के बाद शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. मृतक का शव गांव पहुंचते ही लोगों ने विभिन्न मांगों को लेकर हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और करीब दो घंटे तक सड़क जाम कर दी. इस दौरान बांस-बल्ला और ईंट लगाकर सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया गया.

इलेक्ट्रिक स्कूटी के पास लहूलुहान मिला युवक, अज्ञात बदमाशों पर हमले का शक

मृतक की पहचान हरनौत थाना क्षेत्र के चैन गांव निवासी सोनू कुमार (35 वर्ष), पिता स्व. कृष्णानंद प्रसाद के रूप में हुई है. बताया जाता है कि सोनू कुमार घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे और अविवाहित थे. उनकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गौरतलब है कि 2 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे विश्वकर्मा मोड़ के पास सोनू कुमार अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी के साथ गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे. पुलिस के अनुसार, उनके शरीर पर कई गंभीर जख्म थे और प्रथम दृष्टया मामला अज्ञात बदमाशों द्वारा मारपीट एवं धारदार हथियार से हमला किए जाने का प्रतीत हुआ.

दोषियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग

उन्हें पहले रेफरल अस्पताल, कल्याणबिगहा और बाद में बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया. जाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना मिलते ही एसडीपीओ-2 प्रभारी तारकेश्वर प्रसाद सिंह मौके पर पहुंचे.

निष्पक्ष जांच और जल्द गिरफ्तारी का भरोसा, तब खत्म हुआ सड़क जाम

उनके साथ हरनौत, चेरो ओपी, वेना सहित अन्य थानों की पुलिस तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया. अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें उचित कार्रवाई का भरोसा दिया. आश्वासन मिलने के बाद करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया और आवागमन सामान्य हो सका. मृतक के फुफेरे भाई निरपेन्द्र कुमार ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : गया जी के निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान महिला की मौत, परिजन आक्रोशित, मौके पर पहुंची पुलिस

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sunil kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >