Illegal Weapon: स्थानीय थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए देशी कट्टा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध हथियार रखने वालों में हड़कंप मचा है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने शुरू किया पीछा
थानाध्यक्ष सह पुनि सत्यम कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सारे थाना क्षेत्र के ओंदा गांव निवासी दिनेश माली तथा बिहार थाना क्षेत्र के माली टोला, खंदक पर वार्ड संख्या-31 निवासी संजीव मालाकार के पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई है. उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक टेम्पो में देशी कट्टा लेकर कुछ लोग जा रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टेम्पो का पीछा करना शुरू किया.
पुलिस को देखते ही टेम्पो छोड़कर भागने लगे
पुलिस को पीछे आता देख टेम्पो सवार आरोपी वाहन छोड़कर भागने लगे. पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया.
टेम्पो जब्त, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने टेम्पो को जब्त कर लिया है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में पुलिस की ओर से अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है.
