बिहारशरीफ में सवा करोड़ की डकैती का सातवां आरोपी गिरफ्तार, दिल्ली से लौटते ही पुलिस ने दबोचा, 2 लाख कैश-सोने के कंगन बरामद

बिहारशरीफ में बीज कारोबारी के घर हुई सवा करोड़ की डकैती मामले में पुलिस ने सातवें आरोपित को गिरफ्तार किया। अब तक 19 लाख नकद और भारी मात्रा में जेवर बरामद हुए हैं।

बिहारशरीफ के दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय मोहल्ले में बीज कारोबारी राजीव रंजन के घर हुई सवा करोड़ रुपये की डकैती के मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है. पुलिस ने कांड में शामिल सातवें आरोपित मुकेश कुमार उर्फ अभिराज उर्फ पुतुल को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसे जोरारपुर गांव से पकड़ा. तलाशी के दौरान उसके पास से डकैती के दो लाख रुपये नकद और सोने के कंगन बरामद किए गए हैं.

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद मुकेश गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली फरार हो गया था. पुलिस उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी और तकनीकी माध्यम से उसकी लोकेशन भी ट्रैक की जा रही थी. इसी दौरान उसके गांव लौटने की जानकारी पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही दीपनगर थाना की टीम ने घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया.

डकैती के बाद दिल्ली भाग गया था मुकेश

सदर डीएसपी-1 अमरनाथ ने मुकेश की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी थी. फरार आरोपितों की तलाश के दौरान तकनीकी जांच के जरिए उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी.

इसी क्रम में पुलिस को जानकारी मिली कि मुकेश गांव लौट आया है. इसके बाद पुलिस ने बिना देर किए जोरारपुर गांव में दबिश दी और उसे पकड़ लिया. उसके पास से दो लाख रुपये नकद और सोने के कंगन बरामद हुए हैं. पुलिस अब उससे पूछताछ कर डकैती में उसकी भूमिका और अन्य फरार आरोपितों के बारे में जानकारी जुटा रही है.

15 बदमाशों की सामने आई संलिप्तता

पुलिस जांच में अब तक इस डकैती की साजिश और वारदात में कुल 15 बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आई है. इनमें सात आरोपितों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में जांच लगातार आगे बढ़ रही है और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है.

इससे पहले पुलिस ने मामले के मास्टरमाइंड अजीत सिंह को गिरफ्तार किया था. उसके अलावा उसके करीबी राजेश झा उर्फ लंगड़ा, संजीव, बिट्टी और आदित्य को भी पुलिस ने पकड़ा. कारोबारी के घर और उसकी गतिविधियों की सटीक जानकारी बदमाशों तक पहुंचाने वाले पूर्व चालक को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.

राजेश झा को पुलिस ने नवादा जिले के वारिसलीगंज से गिरफ्तार किया था. उसके पास से एक लाख रुपये नकद बरामद हुए थे. पुलिस को आशंका है कि डकैती के बाद लूटी गई रकम और जेवरात अलग-अलग आरोपितों के पास बांटे गए थे.

अब तक 19.43 लाख रुपये-जेवर बरामद

डकैती की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से अब तक कुल 19.43 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं. इसके अलावा करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण भी पुलिस के हाथ लगे हैं. सात किलो चांदी के साथ ही हीरा और प्लैटिनम के कीमती जेवर भी जब्त किए गए हैं.

पुलिस बरामद सामान और नकदी का मिलान डकैती में लूटी गई संपत्ति से कर रही है. जांच के दौरान यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात में शामिल बदमाशों ने लूट की रकम और जेवरात कहां-कहां छिपाए या किन लोगों के पास रखे थे.

आठ फरार आरोपितों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, मामले में अभी आठ आरोपित फरार हैं. इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस तकनीकी जांच के साथ आरोपितों के संभावित ठिकानों की भी जानकारी जुटा रही है.

बीज कारोबारी के घर हुई इस डकैती के बाद से पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए एक-एक आरोपित तक पहुंचने में जुटी है. सातवीं गिरफ्तारी और बड़ी मात्रा में नकदी व जेवर बरामद होने के बाद पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में डकैती की पूरी साजिश और बाकी फरार आरोपितों तक पहुंचने में अहम सुराग मिल सकते हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >