Bihar Rain Alert: बिहार में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. पिछले कई दिनों से कमजोर पड़े मानसून के बीच अब कई जिलों में बारिश शुरू हो गई है. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया है.
24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, सीवान, गोपालगंज, समस्तीपुर और दरभंगा समेत कई जिलों में बारिश हुई.
वहीं पटना, बेगूसराय, कटिहार, सुपौल, नालंदा और खगड़िया में सुबह से बादल छाए हैं. विभाग ने आज 24 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है.
अगले तीन दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, 8 जुलाई से 10 जुलाई तक बिहार के कई जिलों में बारिश और वज्रपात की स्थिति बनी रहेगी.
8 जुलाई को इन जिलों में बारिश की संभावना
दरभंगा, कटिहार, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, शिवहर, सीतामढ़ी और वैशाली में बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है. वहीं अररिया, भभुआ, किशनगंज, मधुबनी और सुपौल में भारी बारिश का अलर्ट है.
9 जुलाई को इन जिलों में असर
9 जुलाई को पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है.
10 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट
10 जुलाई को मधुबनी और सुपौल में तेज हवा के साथ भारी बारिश की संभावना है. इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. वहीं अररिया, दरभंगा, कटिहार, किशनगंज, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर और वैशाली में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है.
12 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने 12 जुलाई तक पूरे राज्य में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 7 से 10 दिनों में मानसून और मजबूत हो सकता है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
तीन सप्ताह बाद मानसून ने बदला रुख
बिहार में करीब तीन सप्ताह तक बारिश की कमी रही. 6 जुलाई तक राज्य में सामान्य 230.1 मिलीमीटर बारिश के मुकाबले सिर्फ 103 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी. यह सामान्य से करीब 52 से 55 प्रतिशत कम थी. अब मानसून के सक्रिय होने से बारिश की कमी दूर होने की उम्मीद है.
बंगाल की खाड़ी में बदलाव से बदला मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में ओडिशा तट के पास बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मानसूनी हवाओं का रुख बदला है. इसके चलते बिहार में बारिश की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं. आने वाले दिनों में कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है.
Also Read: बांकीपुर बचाने खुद उतरेंगे नितिन नवीन, पटना आकर बनाएंगे बीजेपी की जीत का प्लान
