Bihar Weather Alert: बिहार में एक तरफ सूरज आग उगल रहा है, तो दूसरी तरफ मौसम विभाग की डरावनी भविष्यवाणी ने किसानों और आम लोगों की नींद उड़ा दी है.
राज्य के 18 जिलों में मौसम विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ जारी करते हुए चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं भारी तबाही मचा सकती हैं.
18 जिलों में अलर्ट
IMD के अनुसार उत्तर और पश्चिम बिहार के जिलों में हालात ज्यादा गंभीर रह सकते हैं. पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, कैमूर और बक्सर समेत कुल 18 जिलों में तेज आंधी-तूफान का असर दिखेगा.
इस दौरान पेड़ उखड़ने, बिजली के खंभे गिरने और कच्चे मकानों को नुकसान की आशंका है. बिजली गिरना भी जानलेवा साबित हो सकती है, जिससे सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है.
दिन में झुलसाने वाली गर्मी, शाम को बदलेगा मिजाज
बिहार में सुबह से तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया. आज तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.शाम होते-होते मौसम करवट ले सकता है और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो सकती है.
क्यों आया बिहार के मौसम में यू-टर्न?
पटना मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो इस वक्त एक नहीं बल्कि तीन सिस्टम एक साथ सक्रिय हैं. पश्चिमी विक्षोभ, लो प्रेशर बेल्ट और जेट स्ट्रीम के मिलन ने बिहार के ऊपर एक चक्रवाती दबाव बना दिया है.
विशेषज्ञ इसे ‘क्लाइमेट चेंज’ यानी जलवायु परिवर्तन का सीधा असर मान रहे हैं, जहां चंद घंटों में ही मौसम भीषण गर्मी से उठकर जानलेवा तूफान में तब्दील हो जा रहा है. बिजली गिरने की घटनाओं ने भी प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि बिहार में हर साल बिजली गिरने से दर्जनों लोग अपनी जान गंवा देते हैं.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस समय पश्चिमी विक्षोभ, लो प्रेशर एरिया और जेट स्ट्रीम एक साथ सक्रिय हैं. यही वजह है कि मौसम में इतना बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. प्री-मानसून की शुरुआत और काल बैसाखी का असर भी इस बदलाव को और तेज कर रहा है.
गेहूं और आम की फसल तबाह
रामनवमी की रात आई आंधी और बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. कई इलाकों में 30 से 35 फीसदी तक नुकसान की खबर है.
उत्तर बिहार से लेकर दक्षिण बिहार तक आम और लीची के मंजर गिरने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.
Also Read: मुंबई में 35 मंजिला बनेगा बिहार भवन, 314.20 करोड़ रुपये की लागत से इस साल शुरू होगा निर्माण
