10 September Bihar Ka Mausam: बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता दिख रहा है. 10 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार उत्तर-पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-मध्य बिहार के कई इलाकों में बारिश हो सकती है. राज्य के बाकी हिस्सों में भी कुछ जगहों पर बारिश के आसार हैं.
इस दौरान कई जिलों में मेघगर्जन और बिजली चमकने के साथ तेज हवा चलने की चेतावनी दी गयी है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है.
19 जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद समेत 19 जिलों में बारिश की संभावना जताई है. इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में रहने वाले लोगों को मौसम पर नजर रखने की सलाह दी गयी है.
10 सितंबर को उत्तर-पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-मध्य बिहार के कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान गरज के साथ बिजली चमकने की भी संभावना है. खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले मैदान और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गयी है.
बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र
बिहार के मौसम में बदलाव की बड़ी वजह बंगाल की खाड़ी में बन रहा सिस्टम है. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे बांग्लादेश के तटीय क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है.
यह समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है. इसके प्रभाव से 10 सितंबर को उत्तरी बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके कारण बिहार में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों के दौरान बिहार के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. यानी बारिश के बावजूद तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है.
8 सितंबर को दरभंगा में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, 9 सितंबर को डेहरी (रोहतास) में सबसे कम न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा. पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में भी कोई खास बदलाव नहीं हुआ.
किसान और खुले में काम करने वाले लोग रहें सतर्क
मौसम विभाग ने बारिश, आंधी और वज्रपात के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. खासकर किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को मौसम की जानकारी लेकर ही अपनी गतिविधियों की योजना बनाने की सलाह दी गयी है.
