काली कमाई को रिश्तेदारों के खातों से दिखाया वैध, मुंबई में खरीदी जमीन, बिहार के इंजीनियर के 6 ठिकानों पर छापे में क्या-क्या मिला

Bihar SVU Raid: बिहार में एक अधीक्षण अभियंता के ठिकानों पर हुई छापेमारी में करोड़ों की संपत्ति का खुलासा हुआ है. एसवीयू की जांच में मुंबई से लेकर बिहार तक जमीन और फ्लैट के दस्तावेज मिले हैं. एजेंसी के मुताबिक, इंजीनियर के पास आय से 3 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति मिली है.

Bihar SVU Raid: बिहार के छपरा में लघु जल संसाधन विभाग में तैनात अधीक्षण अभियंता राजेंद्र कुमार की मुश्किलें बढ़ गई हैं. स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने शुक्रवार को उनके पटना, छपरा, गोपालगंज और मुंबई स्थित छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. जांच में करीब चार करोड़ रुपये की अचल संपत्ति, 76 लाख रुपये के जेवर और करीब दो लाख रुपये की नकदी मिलने की बात सामने आई है.

एसवीयू के अनुसार, राजेंद्र कुमार के पास उनकी वैध आय से काफी अधिक संपत्ति मिली है. जांच में अब तक 3,01,87,108 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का पता चला है. टीम को कई भूखंडों, फ्लैट, महंगी गाड़ियों और अन्य सामान की खरीद से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं.

पटना से मुंबई तक छह ठिकानों पर एक साथ छापा

एसवीयू की टीम ने शुक्रवार को राजेंद्र कुमार से जुड़े छह ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की. इनमें पटना के बेऊर स्थित महावीर कॉलोनी का आवास, उनकी सास जयमाला देवी का जक्कनपुर स्थित घर और जल भवन पटना में निगरानी सेल का कार्यालय शामिल है.

इसके अलावा छपरा स्थित लघु जल संसाधन विभाग का कार्यालय, गोपालगंज के मुहम्मदपुर स्थित हाकम गांव का पैतृक आवास और मुंबई के गोरेगांव में उनकी बहन सीमा कुमारी का ठिकाना भी जांच के दायरे में रहा.

छापेमारी के दौरान टीम ने संपत्ति और बैंक खातों से जुड़े कई दस्तावेज जब्त किए हैं. देर शाम तक एसवीयू की कार्रवाई और जांच जारी थी.

मुंबई के पनवेल में 75 डिसमिल जमीन

जांच के दौरान राजेंद्र कुमार के मुंबई के पनवेल में 75 डिसमिल जमीन खरीदने की जानकारी मिली है. उनके आवास से मां और पत्नी के नाम खरीदे गए 16 भूखंड और फ्लैट से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए हैं.

इसके अलावा 57 लाख रुपये कीमत के दो प्लॉट की खरीद के कागजात भी मिले हैं. टीम को महंगी कारों और अन्य कीमती सामान की खरीद से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं.

एसवीयू अब इन संपत्तियों की खरीद के लिए इस्तेमाल किए गए पैसों के स्रोत की जांच कर रही है.

मां और पत्नी के नाम मिलीं कई संपत्तियां

राजेंद्र कुमार की मां सुनैना देवी के नाम गोपालगंज के मुहम्मदपुर में कई भूखंड मिले हैं. इनमें 1.90 लाख, 3.50 लाख, 8.40 लाख, 7.60 लाख, 3.05 लाख, 3.60 लाख और 4.06 लाख रुपये कीमत की जमीन शामिल है.

पटना के महावीर नगर में भी उनकी मां के नाम 25.13 लाख और 30 लाख रुपये कीमत के अलग-अलग भूखंड मिले हैं.

वहीं, पत्नी कंचन कुमारी के नाम महावीर नगर में 15.63 लाख रुपये और बिंदौली में 8.04 लाख तथा 2.16 लाख रुपये कीमत के भूखंड मिले हैं. गोनावां, नवादा में प्रिंस कुमार के साथ साझेदारी में 25 लाख और 10 लाख रुपये कीमत के भूखंड की जानकारी भी सामने आई है.

मुंबई के ड्रीमवुड नेरुल में पत्नी के नाम 38 लाख रुपये कीमत का फ्लैट भी मिला है. इन संपत्तियों की कुल कीमत 3,34,57,000 रुपये बतायी गयी है.

इसके अलावा सोनपुर में 18 लाख और 39 लाख रुपये कीमत के प्लॉट की खरीद से जुड़े दस्तावेज भी एसवीयू के हाथ लगे हैं.

छह बैंक खातों की भी हो रही जांच

छापेमारी के दौरान राजेंद्र कुमार, उनकी पत्नी और मां के नाम अलग-अलग बैंकों में छह खाते मिलने की जानकारी सामने आई है. एसवीयू इन खातों की भी जांच कर रही है.

जांच एजेंसी को आशंका है कि इन खातों में बड़ी धनराशि हो सकती है. बैंक खातों में जमा रकम और संपत्ति खरीद में इस्तेमाल पैसों के स्रोत की जांच के बाद तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है.

2008 में सरकारी सेवा में आए थे राजेंद्र कुमार

राजेंद्र कुमार वर्ष 2008 में सरकारी सेवा में आए थे. इसके बाद अलग-अलग जगहों पर उनकी तैनाती हुई. एसवीयू की शुरुआती जांच में दावा किया गया है कि इस दौरान उन्होंने अवैध कमाई के जरिए बड़ी संपत्ति बनाई.

जांच में सामने आई संपत्ति उनकी वैध आय से काफी अधिक बतायी जा रही है. इसी आधार पर एसवीयू ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में कार्रवाई की है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

बहन, बहनोई और मां के खातों का भी कनेक्शन

एसवीयू के अपर पुलिस महानिदेशक सुधांशु कुमार ने बताया कि राजेंद्र कुमार की संपत्ति को लेकर सूचना मिलने के बाद गोपनीय तरीके से जांच की गई थी. इस पड़ताल में उनकी आय से अधिक संपत्ति के बारे में जानकारी मिली.

एडीजी के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया कि राजेंद्र कुमार ने अपनी कथित काली कमाई को बहन, बहनोई और मां के बैंक खातों के जरिए वैध दिखाने का प्रयास किया. एसवीयू के मुताबिक, इसी रकम से मुंबई सहित कई जगहों पर संपत्ति खरीदे जाने की जानकारी मिली है.

3.01 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का पता

एसवीयू के अनुसार, अब तक राजेंद्र कुमार की 3,01,87,108 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का पता चला है. हालांकि, छापेमारी और दस्तावेजों की जांच अभी की जा रही है. ऐसे में संपत्ति और बैंक खातों की जांच पूरी होने के बाद यह आंकड़ा बदल भी सकता है.

फिलहाल एसवीयू टीम बरामद दस्तावेजों, बैंक खातों और संपत्तियों के रिकॉर्ड को खंगाल रही है. जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: बंगाल की खाड़ी में बना नया सिस्टम, भागलपुर, किशनगंज समेत बिहार के इन 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अपने जिले का हाल

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >