Bihar Skill Development Plan: बिहार की सम्राट सरकार ने अगले पांच साल में 50 लाख युवाओं को स्किल ट्रेनिंग देकर रोजगार के लिए तैयार करने का प्लान बनाया है. इस अभियान में राज्य सरकार के 16 विभाग मिलकर अलग-अलग ट्रेड में युवाओं को ट्रेनिंग देंगे. सरकार कई बड़ी कंपनियों के साथ भी काम करेगी, ताकि युवाओं को उद्योग और बाजार की जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षण मिल सके. इससे ट्रेनिंग के बाद नौकरी मिलने की संभावना भी बढ़ेगी.
सरकार का फोकस रोजगार और स्वरोजगार पर
सरकार का कहना है कि युवाओं को केवल ट्रेनिंग नहीं दी जाएगी, बल्कि उन्हें रोजगार के लिए तैयार किया जाएगा. स्किल सीखने के बाद युवा अपनी पसंद के अनुसार नौकरी कर सकेंगे या खुद का कारोबार शुरू कर सकेंगे. इस योजना का खाका हाल ही में विकास आयुक्त की अध्यक्षता में हुई बिहार कौशल विकास मिशन की 21वीं शासी परिषद की बैठक में तैयार किया गया. युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग ने अगले पांच साल का सालाना लक्ष्य भी तय कर दिया है.
इस साल 4.65 लाख युवाओं को मिलेगी ट्रेनिंग
वित्तीय वर्ष 2026-27 में 4 लाख 65 हजार 740 युवाओं को स्किल ट्रेनिंग देने का लक्ष्य रखा गया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में रोजगार बढ़ाने के लिए सरकार लगातार स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम चला रही है, ताकि युवा आत्मनिर्भर बन सकें.
युवाओं को केंद्र और राज्य सरकार की अलग-अलग योजनाओं के जरिए ट्रेनिंग दी जाएगी. पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत सबसे ज्यादा 25 लाख युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है. टाटा टेक सीओआई के माध्यम से 81,520 युवाओं को ट्रेनिंग मिलेगी और यहां प्रशिक्षित युवाओं को कंपनियों में नौकरी का मौका भी मिल सकता है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
इन सेक्टरों में भी युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
पीएम सेतु योजना के तहत 37200, इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में 21500, ग्रीन इकोनॉमी में 5400 और सर्कुलर इकोनॉमी में 7000 युवाओं को ट्रेनिंग दी जाएगी. इसके अलावा कुशल युवा कार्यक्रम तकनीक के तहत 18 लाख 37 हजार, डोमेन स्किलिंग में 1 लाख 22 हजार, बीएस और सीएफए के तहत 36 हजार तथा भर्ती-प्रशिक्षण-तैनाती योजना के तहत 70 हजार युवाओं को प्रशिक्षण मिलेगा.
हर साल तय किया गया प्रशिक्षण का लक्ष्य
सरकार ने अगले पांच साल के लिए सालाना लक्ष्य भी तय किया है. वर्ष 2026-27 में 4.65 लाख, 2027-28 में 11.27 लाख, 2028-29 में 11.27 लाख, 2029-30 में 11.33 लाख और 2030-31 में 11.45 लाख युवाओं को स्किल ट्रेनिंग दी जाएगी.
इसे भी पढ़ें: क्या पुलिस प्रदर्शनकारियों पर चला सकती है AK-47? समझिए पूरी कानूनी प्रक्रिया
