Bihar PDS Dealers Commission, अनुराग प्रधान: बिहार के जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं को लंबित अतिरिक्त डीलर कमीशन के भुगतान का रास्ता साफ हो गया है. बिहार स्टेट फूड एंड सिविल सप्लाइज कॉरपोरेशन (एसएफसी) ने दिसंबर 2025 से संबंधित अतिरिक्त डीलर कमीशन (राज्य योजना मद) के भुगतान के लिए 35 जिलों को कुल 18 करोड़ 30 लाख 38 हजार 984 रुपये की राशि आवंटित कर दी है. इसके लिए सभी जिला प्रबंधकों को भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
एसएफसी मुख्यालय के महाप्रबंधक (वित्त एवं आंतरिक वित्तीय सलाहकार) द्वारा 16 जून को जारी पत्र में कहा गया है कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को देय अतिरिक्त डीलर कमीशन के भुगतान के लिए एसएनए स्पर्श (टॉप-अप) के माध्यम से जिलावार वर्चुअल आवंटन उपलब्ध कराया गया है.
किस-किस जिला का नाम नहीं
पत्र के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में दिसंबर 2025 से संबंधित जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को 47 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अतिरिक्त डीलर कमीशन का भुगतान किया जाना है. इसके लिए 35 राजस्व जिलों को राशि उपलब्ध करा दी गयी है. इस आवंटन में सीवान, सुपौल और वैशाली जिले शामिल नहीं हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
क्या निर्देश दिया गया
राज्य खाद्य निगम ने सभी जिला प्रबंधकों को निर्देश दिया है कि उपलब्ध करायी गयी राशि से दिसंबर 2025 से संबंधित अतिरिक्त डीलर कमीशन का भुगतान जल्द से जल्द सुनिश्चित करें, ताकि उचित मूल्य दुकान संचालकों को लंबित राशि मिल सके. इस निर्णय से राज्य के हजारों जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को राहत मिलने की उम्मीद है, जो लंबे समय से अतिरिक्त कमीशन के भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे थे.
इसे भी पढ़ें: बदले गए पटना, गया समेत बिहार के 13 जिलों के SP, जानिए आपके जिले का नया पुलिस कप्तान कौन
