Bihar Ka Mausam: सुबह-सुबह अगर खिड़की से बाहर देखें और सामने सब कुछ धुंध में लिपटा दिखे, तो समझ लीजिए बिहार के मौसम ने फिर से करवट ली है सुपौल, गोपालगंज समेत छह शहरों में घना कोहरा और राजगीर में 7.3 डिग्री सेल्सियस तक गिरा तापमान यही इशारा कर रहा है कि जनवरी के आखिरी दिनों में ठंड अभी पूरी तरह विदा नहीं हुई है.
मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल किसी शीतलहर जैसी स्थिति की आशंका नहीं है, लेकिन फरवरी के पहले हफ्ते में हल्की ठंड फिर से बढ़ सकती है.
कोहरे की चादर में लिपटा बिहार
शनिवार को सुपौल, गोपालगंज, मोतिहारी जैसे इलाकों में घना कोहरा देखने को मिला. मोतिहारी में सबसे कम दृश्यता 350 मीटर रिकॉर्ड की गई. कोहरे के कारण सुबह के समय सड़कों पर चलना थोड़ा मुश्किल जरूर हुआ, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, धूप ने हालात सामान्य कर दिए. नमी कम होने की वजह से कोहरा ज्यादा देर टिक नहीं पा रहा है और यही कारण है कि ठंड भी उतनी तीखी नहीं लग रही.
राजगीर बना सबसे ठंडा
नालंदा का राजगीर एक बार फिर बिहार का सबसे ठंडा इलाका साबित हुआ. यहां का न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पहाड़ी और हरियाली वाले इस क्षेत्र में रात के समय तापमान अपेक्षाकृत तेजी से गिरता है. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि इतनी गिरावट के बावजूद यह सामान्य श्रेणी में ही आता है और किसी तरह का कोल्ड वेव अलर्ट नहीं है.
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक बिहार में इस समय किसी मजबूत पश्चिमी विक्षोभ का असर नहीं है. उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं भी कमजोर हैं, इसलिए तापमान में बड़ी गिरावट नहीं हो रही है. अगले चार से पांच दिनों तक मौसम इसी तरह स्थिर और सामान्य बना रहने की संभावना है. रात के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव हो सकता है, लेकिन अचानक ठंड बढ़ने की स्थिति नहीं बनेगी.
पटना में आज कैसा रहेगा हाल
राजधानी पटना में आज न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 22 से 24 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है. सुबह हल्का कोहरा और हल्की ठंड महसूस हो सकती है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो जाएगा. फिलहाल पटना के लिए किसी तरह का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है.
क्या फरवरी की शुरुआत में लौटेगी ठंड
मौसम विभाग के संकेत बताते हैं कि जनवरी के आखिरी और फरवरी के पहले हफ्ते में ठंड हल्की-सी बढ़ सकती है. हालांकि यह बढ़ोतरी तेज शीतलहर जैसी नहीं होगी, बल्कि रात और सुबह की ठंड में थोड़ी तीव्रता आ सकती है. वसंत पंचमी के साथ मौसम का मिजाज बदल रहा है और ठंड अब धीरे-धीरे विदाई की ओर है.
अगले सात दिनों का पूर्वानुमान
अगले एक हफ्ते तक बिहार का मौसम शुष्क बना रहेगा. अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 7.3 से 13.3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. यानी सुबह-शाम हल्की ठंड और दिन में हल्की गर्माहट, बिहार का मौसम फिलहाल कुछ ऐसा ही रहने वाला है.
