इमर्जिंग परफॉर्मर बना बिहार, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर में दिखाया दम, जानिए क्या कहती है नीति आयोग की रिपोर्ट

Bihar News: नीति आयोग की इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स-2026 रिपोर्ट में बिहार को 'इमर्जिंग परफॉर्मर' श्रेणी में जगह मिली है. रिपोर्ट में शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर और संसाधनों की उपलब्धता जैसे क्षेत्रों में राज्य के बेहतर प्रदर्शन का उल्लेख किया गया है, हालांकि निवेश आकर्षित करने के लिए अभी और सुधार की जरूरत बताई गई है.

Bihar News: (अनुराग प्रधान, पटना) देश में निवेश के लिए अनुकूल माहौल बनाने की दिशा में बिहार लगातार प्रयास कर रहा है. नीति आयोग की इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स-2026 रिपोर्ट में राज्य को 'इमर्जिंग परफॉर्मर' श्रेणी में जगह मिली है. 100 अंकों के पैमाने पर बिहार को 41.2 अंक मिले हैं. इस श्रेणी में झारखंड, पंजाब, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, मेघालय, नागालैंड और पुडुचेरी जैसे राज्य भी शामिल हैं.

हालांकि, 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की सूची में बिहार 26वें स्थान पर है और बड़े राज्यों की श्रेणी में 17वें स्थान पर रहा. रिपोर्ट यह भी संकेत देती है कि शिक्षा, बुनियादी ढांचे और संसाधनों की उपलब्धता जैसे क्षेत्रों में सुधार के आधार पर बिहार के पास निवेश आकर्षित करने की अच्छी संभावनाएं हैं.

शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर में अच्छी तस्वीर

रिपोर्ट में बिहार की कुछ उपलब्धियों का भी जिक्र किया गया है. राज्य ने शिक्षा पर बड़े राज्यों के औसत से 46 प्रतिशत अधिक सरकारी खर्च किया है. इसके अलावा सड़क, रेलवे और अन्य बुनियादी ढांचे की उपलब्धता भी कई राज्यों की तुलना में बेहतर बताई गई है.

बिजली और जलापूर्ति व्यवस्था में भी पहले की तुलना में सुधार दर्ज किया गया है. पर्यावरणीय मंजूरी की प्रक्रिया भी निवेशकों को पहले से आसान लगी है.

इन वजहों से पीछे रह गया बिहार

रिपोर्ट के अनुसार, बिहार का सबसे कमजोर पक्ष बिजनेस क्लाइमेट है. राज्य में निवेशकों के अनुकूल माहौल अभी भी पूरी तरह विकसित नहीं हो पाया है.

औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र, नवाचार, उद्योगों के लिए भूमि उपलब्धता, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और कानून-व्यवस्था जैसे कई महत्वपूर्ण मानकों पर बिहार अन्य बड़े राज्यों से काफी पीछे है. यही वजह है कि बड़े निवेशक अभी भी राज्य में निवेश करने से हिचकते हैं.

प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से काफी कम

नीति आयोग के मुताबिक बिहार की प्रति व्यक्ति जीएसडीपी 44,705 रुपये है. यह बड़े राज्यों के औसत से करीब 72 प्रतिशत कम है. राज्य की अर्थव्यवस्था में सेवा क्षेत्र की हिस्सेदारी 67.5 प्रतिशत, उद्योग की 22.1 प्रतिशत और कृषि की 10.4 प्रतिशत है.

विदेशी निवेश भी बेहद कम

वर्ष 2023-24 में बिहार को केवल 0.16 मिलियन डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) मिला. राज्य में फूड प्रोसेसिंग और कोक व रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पाद प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र हैं. रिपोर्ट में कहा गया है कि कृषि आधारित उद्योगों की अच्छी संभावनाएं होने के बावजूद निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए बेहतर औद्योगिक माहौल तैयार करना जरूरी है.

वित्तीय स्थिति पर भी चिंता

नीति आयोग ने राज्य की वित्तीय स्थिति पर भी सवाल उठाए हैं. रिपोर्ट के अनुसार बिहार की कुल बकाया देनदारियां राष्ट्रीय औसत से करीब 500 बेसिस प्वाइंट अधिक हैं. इससे वित्तीय सुधार की जरूरत साफ दिखाई देती है.

निवेशकों ने क्या कहा?

1,850 से अधिक निवेशकों की राय के आधार पर तैयार रिपोर्ट में बिहार की ताकत और कमजोरियों दोनों का उल्लेख किया गया है.

निवेशकों ने माना कि बिजली, पानी और पर्यावरणीय मंजूरी की व्यवस्था पहले से बेहतर हुई है. लेकिन उन्होंने उद्योगों के लिए 24 घंटे निर्बाध बिजली, बेहतर कानून-व्यवस्था, आसान भूमि आवंटन और मजबूत डिजिटल नेटवर्क की जरूरत बताई.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

बिहार की प्रमुख ताकतें

  • शिक्षा पर औसत से 46% अधिक सरकारी खर्च
  • रेलवे नेटवर्क और सड़क कनेक्टिविटी बेहतर
  • कोल्ड स्टोरेज क्षमता बड़े राज्यों से 23% अधिक
  • बिजली और जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार
  • प्राकृतिक संसाधनों की अच्छी उपलब्धता
  • पर्यावरणीय मंजूरी प्रक्रिया पहले से आसान

ये हैं सबसे बड़ी चुनौतियां

  • बड़े राज्यों में सबसे कमजोर बिजनेस क्लाइमेट
  • समर्पित औद्योगिक पार्कों की कमी
  • टियर-2 और टियर-3 शहरों की कमजोर हवाई कनेक्टिविटी
  • उद्योगों के लिए 24×7 बिजली की कमी
  • डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर कमजोर
  • कानून-व्यवस्था को लेकर निवेशकों की चिंता
  • भूमि आवंटन प्रक्रिया जटिल
  • रोजगार के सीमित अवसर
  • बैंक ऋण और एमएसएमई की कम हिस्सेदारी

नवाचार के मामले में भी पिछड़ा बिहार

रिपोर्ट बताती है कि बिहार में सक्रिय कंपनियों के मुकाबले पेटेंट आवेदन का अनुपात केवल 0.48 प्रतिशत है, जबकि बड़े राज्यों का औसत 3.6 प्रतिशत है.

एमएसएमई क्षेत्र में छोटे और मध्यम उद्योगों की हिस्सेदारी के मामले में बिहार 32वें स्थान पर है. वहीं उद्योगों को मिलने वाला बैंक ऋण राज्य की जीएसडीपी का केवल 6.7 प्रतिशत है, जिसे औद्योगिक विकास के लिए पर्याप्त नहीं माना गया है.

Also Read: खान ने कहा- जो मुझे जीजा मानता है, वही फैजल खान कहता है, दो आधार कार्ड के आरोपों पर भी दी सफाई



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >