Bihar Rain Alert: बिहार में इन दिनों रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है. लगभग सभी जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. इस बीच आज मौसम विभाग ने 11 जिलों में अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है. इस दौरान बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है.
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. साथ ही औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिले में बारिश की गतिविधियां ज्यादा रह सकतीं हैं. बिगड़े मौसम के दौरान लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है. खासकर किसानों को खराब मौसम में खेतों में काम नहीं करने की सलाह दी गई है.
अभी भी सामान्य से कम हुई बारिश
मौसम विभाग की माने तो, अब भी बिहार में सामान्य से कम ही बारिश हो पाई है. अभी तक 387.7mm बारिश दर्ज की गई जबकि 687.7mm बारिश होनी चाहिए थी. इस हिसाब से देखा जाए तो लगभग 41 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. लेकिन यह भी माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं.
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम पूर्वानुमान की माने तो, बिहार के जिलों में 20 और 21 अगस्त को भी कुछ इसी तरह का मौसम बना रहेगा. 20 अगस्त की बात करें तो, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार जिले में ऑरेंज अलर्ट है.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
जबकि 21 अगस्त को मौसम विभाग ने कुछ जिलों जैसे कि खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई को छोड़कर बाकी के सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इस दिन पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, अररिया और किशनगंज में भयंकर बारिश की चेतावनी है. साथ ही तेज हवा और बिजली गिरने का भी पूर्वानुमान जारी किया गया है. इस तरह से उमस वाली गर्मी से लोगों को अभी राहत मिलती रहेगी.
राज्य में हो रही बारिश की वजह
बिहार में लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश को लेकर वैज्ञानिकों का मानना है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर लो प्रेशर बना हुआ है. इस कारण पूर्वी भारत के हिस्से में मॉनसून की गतिविधियां तेज हैं. साथ ही बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं आ रहीं हैं, जिससे मॉनसूनी सिस्टम एक्टिव है. मॉनसून ट्रफ और नमी वाली हवाओं की वजह से बिहार में रुक-रुककर बारिश का दौर लगातार जारी रहेगा.
