Bihar CM Samrat Choudhary: बिहार के मुख्यमंत्री ने भागलपुर की धरती से अपराधियों और कानून तोड़ने वाले हुड़दंगियों को अल्टीमेटम दिया है. कानून-व्यवस्था पर सरकार का साफ रुख रखते हुए उन्होंने दो टूक कहा कि बिहार में अब अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं बची है.
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया खासकर फेसबुक पर गाली-गलौज और भ्रामक बातें फैलाने वालों पर भी नाराजगी जताई है. उन्होंने चेतावनी दी कि इंटरनेट की दुनिया में बैठकर समाज में जहर घोलने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है और किसी भी हुड़दंगी को बख्शा नहीं जाएगा.
अपराधी या तो बिहार छोड़ दें या अपराध
भागलपुर में आयोजित 211 नए डिग्री कॉलेजों के वर्चुअल उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने पर खास जोर दिया. उन्होंने मंच से अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि उनके पास अब सिर्फ दो ही विकल्प बचे हैं. या तो वे तुरंत बिहार की सीमा से बाहर चले जाएं या फिर हमेशा के लिए जुर्म की दुनिया का रास्ता छोड़ दें.
उन्होंने बेहद सख्त लहजे में कहा कि जो भी कानून को अपने हाथ में लेने की हिमाकत करेगा, उसे इसकी भारी कीमत चुकानी होगी. मुख्यमंत्री ने बिहार पुलिस को भी अपराधियों के खिलाफ बिना किसी देरी के सख्त एक्शन लेने के लिए पूरी छूट दे दी है.
अपराधी की कोई जाति या धर्म नहीं होता
मुख्यमंत्री ने बिहार की राजनीति में अपराध को जाति और मजहब से जोड़कर देखने की आदत पर भी तीखा प्रहार किया. उन्होंने साफ शब्दों में एलान किया कि अपराधी सिर्फ एक अपराधी होता है, उसकी कोई जाति या धर्म नहीं होता. सरकार किसी भी प्रभाव, रसूख या राजनीतिक दबाव के आगे झुकने वाली नहीं है.
चाहे कोई कितना भी बड़ा रसूखदार क्यों न हो, अगर उसने जुर्म का रास्ता चुना है तो कानून उस पर पूरी सख्ती से शिकंजा कसेगा. सरकार ने साफ कर दिया है कि सूबे में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति लागू है और किसी को भी कोई संरक्षण नहीं दिया जाएगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
फेसबुक और सोशल मीडिया पर गाली-गलौज करने वालों को भेजा जाएगा जेल
अपने भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने आजकल सोशल मीडिया के हो रहे गलत इस्तेमाल पर भी गंभीर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि कुछ लोग फेसबुक और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर लगातार गलत बातें फैला रहे हैं और दूसरों को सरेआम अपशब्द कह रहे हैं.
ऐसे असामाजिक तत्वों को सचेत करते हुए उन्होंने कहा कि शासन की नजर हर एक डिजिटल गतिविधि पर बनी हुई है. साइबर क्राइम करने वाले और सोशल मीडिया के जरिए समाज का अमन-चैन बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द ही जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. इंटरनेट की दुनिया में किसी भी तरह की अभद्रता स्वीकार नहीं होगी.
इसे भी पढ़ें: बिहार को मिलने जा रही एक और शानदार फोरलेन सड़क, बदल जाएगी इन 3 जिलों की सूरत
