बिहार में हर दो महीने में बदलेंगे चेकपोस्ट प्रभारी, जानिए शराब तस्करों पर लगाम कसने का नया एक्शन प्लान

Bihar News: बिहार में शराब तस्करी रोकने के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है. अब सभी उत्पाद चेकपोस्ट प्रभारियों का हर दो महीने में तबादला होगा और चेकपोस्ट की 24 घंटे लाइव निगरानी कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से की जाएगी.

Bihar News: बिहार में शराब तस्करी पर लगाम कसने के लिए मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है. अब राज्य के सभी उत्पाद चेकपोस्ट प्रभारियों का हर दो महीने में तबादला किया जाएगा. साथ ही सभी चेकपोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे लाइव मॉनिटरिंग कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से होगी.

सचिव ने किया औचक निरीक्षण

विभागीय सचिव नवीन कुमार ने बुधवार को कुम्हरार स्थित मुख्य उत्पाद रसायन परीक्षक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और चेकपोस्ट प्रभारियों को कई अहम निर्देश दिए.

वाहनों की जांच में नहीं होगी लापरवाही

सचिव ने कहा कि ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए. सभी जरूरी अभिलेख नियमित रूप से अपडेट किए जाएं. साथ ही चेकपोस्ट से गुजरने वाले हर संदिग्ध वाहन की विभागीय उपकरणों से अनिवार्य जांच की जाए.

डिजिटल लॉक का होगा प्रचार

बिहार में प्रवेश करने वाले अल्कोहल से जुड़े वाहनों में डिजिटल लॉक के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए पोस्टर और बैनर लगाने के निर्देश दिए गए. विभाग की दो एजेंसियों के कामकाज पर सचिव ने नाराजगी जताई और भविष्य में सुधार की चेतावनी भी दी.

48 घंटे में देनी होगी जांच रिपोर्ट

निरीक्षण के दौरान इथेनॉल में मिलाए जाने वाले विकारक को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. सचिव ने स्पष्ट कहा कि जब्त नमूनों की रासायनिक जांच रिपोर्ट 48 घंटे के भीतर उपलब्ध कराई जाए, ताकि कार्रवाई में देरी न हो.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

ड्रोन से होगी कड़ी निगरानी

सचिव ने ड्रोन कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का भी निरीक्षण किया. उन्होंने विभिन्न जिलों से मिल रही लाइव फीड देखी और निर्देश दिया कि ड्रोन के जरिए अवैध शराब निर्माण और तस्करी पर और प्रभावी निगरानी रखी जाए.

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान संयुक्त आयुक्त मद्यनिषेध कृष्ण कुमार, संयुक्त सचिव एवं उपायुक्त मद्यनिषेध संजय कुमार समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. विभाग का कहना है कि इन कदमों से शराब तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी.

Also Read: बांकीपुर उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर को एक और झटका, केसी सिन्हा के बाद अब चेतना झांब और श्रुति श्री भी छोड़ेंगी जन सुराज



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >