Bihar Breaking News Live: पटना के नया टोला में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट, दुकानों में की तोड़फोड़

Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को...

Live Updates
8:34 PM. 17 Apr 23 8:34 PM. 17 Apr

पटना के नया टोला में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट, दुकानों में की तोड़फोड़

राजधानी पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र के नया टोला में दो गुटों के बीच मारपीट की खबर आ रही है. वहां बीच सड़क पर जमकर बवाल हुआ है. इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने रोड के किनारे लगी कई दुकानों में तोड़फोड़ किये जाने की सूचना है. ठेले पर सजाकर रखे मोमो और गोलगप्पे सहित कई सामानों को सड़क पर फेंक दिया गया है. 

8:34 PM. 17 Apr 23 8:34 PM. 17 Apr

सुशील मोदी का तेजस्वी पर तंज, बोले- गैंगस्टर के मरने पर बहा रहे आंसू

तेजस्वी यादव के राज में 30 दलित जहरीली शराब के सेवन से मर गए उस पर उन्होंने आंसू नहीं बहाया और एक गैंगवार में गैंगस्टर मारा गया तो ये आंसू बहा रहे हैं. यूपी के लोग तो खुश हैं कि वो मारा गया भले गैंगवार में ही मारा गया, आप कम से कम अपने राज्य में जहरीली शराब पीने से जिनकी मृत्यु हुई उनके परिवार को मुआवजा तो दिला दीजिए.

8:34 PM. 17 Apr 23 8:34 PM. 17 Apr

अतीक को जी कहने पर बुरे फंसे तेजस्वी यादव, केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने कहा है कि तेजस्वी यादव बिहार के उपमुख्यमंत्री हैं और वो एक दुर्दांत अपराधी को जी(अतीक जी) कहते हैं. अतीक पर 100 से अधिक मुकदमे थे जो हत्या, अपहरण, फिरौती आदि के थे. जो भी गवाह होता था उसको ये मार देते थे या फिर उसके परिवार का अपहरण कर लेते थे. उसने कबूल किया कि उसका लश्कर-ए-तैयबा से संबंध है. वो गैंगवार में मारा गया, उसके लिए ये लोग आंसू बहा रहे हैं. समाजवादी पार्टी हो या फिर ममता जी हो, ये सब वोट बैंक की तलाश में हैं.

8:34 PM. 17 Apr 23 8:34 PM. 17 Apr

दानापुर में बालू माफियाओं ने खनन विभाग के कर्मियों को पीटा

दानापुर में बालू माफियाओं ने खनन विभाग के कर्मियों को पीटा.

8:34 PM. 17 Apr 23 8:34 PM. 17 Apr

बाढ़ स्टेशन पर बिना चालक चल पड़ी रेल इंजन, बड़ा हादसा टला

बाढ़ स्टेशन पर बड़ा हादसा टल गया है. सोमवार को एक इंजन बिना चालक चल पड़ी. रेल इंजन बंफर तो तोड़ कर आगे बढ़ी और बेपटरी हो गयी. इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

8:34 PM. 17 Apr 23 8:34 PM. 17 Apr

बेतिया में पूर्व उपमुखिया को पीट-पीटकर मार डाला

पश्चिम चंपारण के बेतिया में चुनावी रंजिश में पूर्व उपमुखिया की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. रविवार (16 अप्रैल) की देर शाम पूर्व उपमुखिया गणेश पटेल को बुरी तरह पीटा गया था. सोमवार (17 अप्रैल) की सुबह इलाज के दौरान गणेश पटेल की मौत हो गई. घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो गए. स्थानीय लोगों के साथ मिलकर सड़क जाम कर एसपी और डीएम को बुलाने की मांग करने लगे. किसी तरह उन्हें समझाया गया.

8:34 PM. 17 Apr 23 8:34 PM. 17 Apr

दरभंगा में डूबने से दो बच्चों की मौत

दरभंगा में डूबने से दो बच्चों की मौत होने की सूचना है. हादसा नगर थाने के प्रधान तालाब की है. दोनों बच्चे तालाब में नहाने गये थे.

8:34 PM. 17 Apr 23 8:34 PM. 17 Apr

अभी तक मामले में 26 लोगों की मौत

मोतिहारी शराबकांड में एडीजी जितेन्द्र कुमार का बयान,’अभी तक मामले में 26 लोगों की मौत’, ‘7 लोगों का कराया गया पोस्टमार्टम’,’25 लोगों का चल रहा है इलाज’ए’25 लोगों की हुई है गिरफ्तारी’.

1:57 PM. 17 Apr 23 1:57 PM. 17 Apr

गोपालगंज के थावे महोत्सव में भगदड़

गोपालगंज के थावे महोत्सव में भगदड़ की स्थिति बन गयी. कलाकार हिमेश रेशमिया को बुलाया गया था. अचानक उन्हें सुनने आए लोग बेकाबू हो गये. हालात संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा.

1:57 PM. 17 Apr 23 1:57 PM. 17 Apr

राज्यपाल के काफिले में शामिल फायर ब्रिगेड की गाड़ी के साथ हादसा

वैशाली में बिहार के राज्यपाल विश्वनाथ अर्लेकर के काफिले में मौजूद फायर बिग्रेड की गाड़ी सड़क हादसे का शिकार हुई है. गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गयी. घटना भगवानपुर के रतनपुरा का है. राज्यपाल के काफिले में शामिल इस फायर ब्रिगेड की गाड़ी की टक्कर एक ऑटो से हो गयी. दोनों गाड़ी के परखच्चे उड़ गए. कुछ ऑटो सवार जख्मी हुए हैं.

1:57 PM. 17 Apr 23 1:57 PM. 17 Apr

अतीक अहमद की हत्या पर बोले तेजस्वी यादव

अतीक अहमद की हत्या मामले पर बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी है. डिप्टी सीएम ने कहा कि उन्हें क्राइम और क्रिमिनल से कोई सहानभूति नहीं है. लेकिन पुलिस कस्टडी में हत्या होने में यूपी आगे है. यूपी में जो हुआ वो अतीक का नहीं बल्कि कानून व्यवस्था का जनाजा निकला है.

1:57 PM. 17 Apr 23 1:57 PM. 17 Apr

सीएम नीतीश कुमार मोतिहारी मौत मामले पर बोले

मोतिहारी में जहरीले पेय पदार्थ के सेवन से मौत मामले में बड़ा अपडेट आया है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सीएम नीतीश कुमार ने सीएम रिलीफ फंड से मृतकों के परिजनों को मदद करने की बात की है.

1:57 PM. 17 Apr 23 1:57 PM. 17 Apr

मोतिहारी में मौत मामले के तार तुरकौलिया से जुड़ रहे

बिहार में फिर एकबार जहरीला पेय पदार्थ पीने से मौत का तांडव मचा है. पूर्वी चंपारण में जहरीला पेय पदार्थ पीने से रविवार तक 31 लोगों की मौत हो गयी. प्रशासन की ओर से 22 मौत की पुष्टि की गयी है. पुलिसिया लापरवाही को देखते हुए एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने पांच थानाध्यक्षों को भी निलंबित कर दिया. वहीं डेढ़ दर्जन से अधिक लाश बिछने के बाद परिजनों में कोहराम मचा है. एकबार फिर से तुरकौलिया के थानेदार निलंबित हुए हैं. इस थाना के पूर्व थानेदार का भी इतिहास दागदार रहा है और अब इस मौत मामले के तार फिर तुरकौलिया से ही जुड़ते दिख रहे हैं.

1:57 PM. 17 Apr 23 1:57 PM. 17 Apr

आज लगेगा सीएम का जनता दरबार

पटना: जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को किया गया है. महीने का तीसरा सोमवार होने के कारण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पथ निर्माण, उद्योग, ग्रामीण कार्य, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, जल संसाधन, कृषि आदि विभागों से संबंधित शिकायतों को सुनेंगे. फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को सुनने के बाद मुख्यमंत्री उसका तत्काल निष्पादन के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश देंगे.

1:57 PM. 17 Apr 23 1:57 PM. 17 Apr

औरंगाबाद में घर में लगी आग, टेंट हाउस का सामान जला

औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में रविवार की रात अचानक एक घर में आग लग गई। जिसके कारण उक्त घर के साथ-साथ उसमें रखे गए टेंट हाउस का सामान जलकर राख हो गया। इस घटना पांच लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है। आगलगी की घटना उसी गांव निवासी कविलास पासवान के घर में घटित हुई है। जानकारी के अनुसार रात में खाना खनाने के बाद घर के लोग खाना खाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच अचानक घर में आग लग गई। आग कैसे लगी, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

1:57 PM. 17 Apr 23 1:57 PM. 17 Apr

श्रमजीवी एक्सप्रेस के एसी कोच में छापेमारी

आरा में एसटीएफ ने श्रमजीवी एक्सप्रेस के एसी कोच में सफर कर रहे हथियार तस्करों के पास से 200 बुलेट्स, दो रेगुलर रिवाल्वर (बेबली स्कॉट), एक पिस्टल और दो मोबाइल बरामद किये. एसटीएफ के अनुसार हथियार तस्कर दिल्ली से हथियार लेकर आरा पहुंचा थे. हथियारों और कारतूस को जिले के बिहिया में सप्लाई करना था. पुलिस के खुफिया ने सटीक जानकारी दी, उक्त सूचना पर पुलिस ने तस्करों को गिरफ्तार कर लिया .गिरफ्तार तस्कर उत्तरप्रदेश के देवरिया जिले के मइल थाना क्षेत्र के डेहरी गांव निवासी मोतीचंद के पुत्र हरेराम और रायबरेली जिला के महाराजगंज थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव निवासी बलराम सिंह के पुत्र सुमित सिंह बताये जाते हैं. पुलिस गिरफ्तार हथियार तस्करों की क्राइम हिस्ट्री खंगाल रही है.

1:57 PM. 17 Apr 23 1:57 PM. 17 Apr

आरा में युवक को चाकू मारकर जख्मी किया

आरा में आज सुबह आपसी विवाद को लेकर एक 35 वर्षीय युवक को गांव के एक शख्स ने चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है. मामला गिद्धा थाना क्षेत्र के खेसरिया गांव का है जहां पर आज सुबह 35 वर्षीय पवन पासवान को गांव के ही एक नामजद युवक ने पूर्व के विवाद को लेकर चाकू मार दिया और घायल अवस्था में उसे खेत में फेंक कर भाग गया.

1:57 PM. 17 Apr 23 1:57 PM. 17 Apr

भागलपुर में बर्ड फ्लू की दस्तक के बाद सख्ती

भागलुपर में बर्ड फ्लू की दसतक के बाद डीएम व एसपी के संयुक्त आदेश के बाद पटना से आयी टीम ने जिला पशुपालन पदाधिकारी के नेतृत्व में लगातार दूसरे दिन कार्रवाई की. 27, 28 और 29 वार्डों में कुलिंग ऑपरेशन चलाया, आज सैनिटाइजेशन प्रोग्राम चलेगा.

1:57 PM. 17 Apr 23 1:57 PM. 17 Apr

भागलपुर में अज्ञात महिला की लाश मिली

भागलपुर. सबौर से घोघा के बीच लैलख ममलखा रेलवे स्टेशन के आसपास से पुलिस को रविवार को एक अज्ञात महिला का शव मिला. शव की शिनाख्त नहीं हो पायी है. इस संबंध में सबौर के थानाध्यक्ष, पवन कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

1:57 PM. 17 Apr 23 1:57 PM. 17 Apr

बिहार में गर्म पछुआ हवाओं का दौर जारी

Bihar Weather: बिहार में गर्म पछुआ हवाओं का दौर जारी है. रविवार को पटना,सुपौल और भागलपुर के सबौर में जबरदस्त लू चली. तीन तीनों जगहों पर उच्चतम तापमान क्रमश: 42.2, 40.2 और 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इन सभी जगहों पर तेज पछुआ की वजह से पारा सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. आइएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक बिहार में लू सहित भीषण गर्मी का दौर 21 अप्रैल तक जारी रहेगा.

7:01 AM. 17 Apr 23 7:01 AM. 17 Apr

भागलपुर में देर रात भीषण सड़क हादसा

भागलपुर में देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ है. तिलकामांझी थाना क्षेत्र के हवाई अड्डा के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार पर चढ़ गयी और पलट गयी. कार के परखच्चे उड़ गए. अंदर बैठे लोग किसी तरह बाहर निकले. सुबह राहगीरों की भीड़ सड़क पर जमा हो गयी. तिलकामांझी थाना की पुलिस क्रेन मंगवाकर गाड़ी को उठवाने में लगी.

मुख्य बातें

Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >