Bihar Breaking News Live: सुपौल में आर्थिक तंगी से परेशान परिवार ने खाया जहर, बेटी की मौत, मां-बेटे बीमार

Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को...

Live Updates
8:48 PM. 3 Apr 23 8:48 PM. 3 Apr

सुपौल में आर्थिक तंगी से परेशान परिवार ने खाया जहर, बेटी की मौत, मां-बेटे बीमार

सुपौल के नदी थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह से परेशान होकर एक महिला ने दो बच्चों के साथ जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. इस घटना में उसकी छह साल की बेटी की मौत हो गई, जबकि मां-बेटे की हालत गंभीर है. महिला पति के दूसरी शादी करने काफी परेशान थी. बताया जाता है कि आठ साल के बेटे और खुद का गला काट कर भी आत्महत्या करने की कोशिश की. इस घटना में महिला की छह साल की बेटी वैष्णवी कुमारी की मौत हो गई. मामला सुपौल नदी थाना इलाके के कदमाहा वार्ड 9 का है. फिलहाल महिला और उसके बेटे का इलाज दरभंगा में चल रहा है. पति संजीत दूसरी पत्नी के साथ पिछले दो साल से दिल्ली में ही रह रहा है. महिला आर्थिक तंगी को झेल रही थी. महिला की सास कदमाहा चौक पर चाय की दुकान चलाती है ताकि परिवार का गुजारा हो सके.

8:48 PM. 3 Apr 23 8:48 PM. 3 Apr

पटना में किसानों की 80 कट्ठा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर बर्बाद

पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के भदौरा गांव के पास खेतों में आज एक किसान द्वारा पराली जलाने के चक्कर में आग लग गई. आग की चिंगारी दूसरे खेतों में चली गई जिससे तकरीबन 3 किसानों की 80 कट्ठा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर बर्बाद हो गई है. जिसमें भदौरा के पिंटू राम का 10 कट्ठा, गणेश कुमार का 10 कट्ठा, रामदयाल प्रसाद का 17 कट्ठा सहित अन्य किसानों की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई है. आग को देखते ही आसपास के किसानों में हड़कंप मच गया और सभी अपनी खेत की ओर भागते पहुंच गए.

8:48 PM. 3 Apr 23 8:48 PM. 3 Apr

राजद के पूर्व विधायक नीरज यादव का निधन 

कटिहार जिले के बरारी विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे नीरज यादव का आज पूर्णिया के निजी नर्सिंग होम में निधन हो गया. राजद के पूर्व विधायक को हार्ट अटैक के बाद यहां भर्ती किया गया था.

8:48 PM. 3 Apr 23 8:48 PM. 3 Apr

वैशाली में भीषण अगलगी, खेत में लगी फसल राख

वैशाली जिले के सहदेई प्रखंड में सोमवार की दोपहर चिंगारी से खेत में लगी गेहूं की फसल जलने लगी. देखते ही देखते आग बिकराल रूप ले लिया. कई एकड़ में लगी फसल राख हो गयी. इस भीषण अगलगी में दो घरों को भी नुकसान पहुंचा है. आग पर काबू पा लिया गया है. आग कैसे लगी इसका खुलासा अब तक नहीं हो पाया है.

8:48 PM. 3 Apr 23 8:48 PM. 3 Apr

बाढ़ में दाल व्यापारी से साढ़े चौदह लाख की लूट

पटना के बाढ अनुमंडल में लूट की बड़ी वारदात सामने आई है. दाल कारोबारी बनकर आए बेखौफ अपराधियों ने दाल व्यापारी से 14 लाख 50 हजार रुपये लूट लिया और हथियार लहराते मौके से फरार हो गये. घटना बाढ़ थाना क्षेत्र के गोलापट्टी मंडी की है. जहां इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

8:48 PM. 3 Apr 23 8:48 PM. 3 Apr

बिहार विधान परिषद की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

रामनवमी के बाद फैली हिंसा के सवाल पर सदन में हंगामे के बाद बिहार विधान परिषद की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गयी है. सोमवार को भोजनावकाश के बाद जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई भाजपा के सदस्यों ने जयश्रीराम का नारा लगाना शुरू कर दिया. हंगामे को देखते हुए सभापति ने सदन को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया.

8:48 PM. 3 Apr 23 8:48 PM. 3 Apr

मनीष कश्यप कोर्ट में पेश, न्यायिक हिरासत में जेल भेजे गये

यूट्यबर मनीष कश्यप को तमिलनाडु पुलिस ने रिमांड खत्म होने के बाद सोमवार को मदुरै कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने मनीष कश्यप को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. मनीष कश्यप को जज के आवास पर बने कोर्ट में पेश किया गया. तमिलनाडु पुलिस ने कोर्ट से और सात दिनों की रिमांड मांगी है. इस पर कोर्ट बुधवार को विचार करेगा.

8:48 PM. 3 Apr 23 8:48 PM. 3 Apr

विधानसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

रामनवमी के बाद फैली हिंसा के सवाल पर सदन में हंगामे के बाद कार्यवाही को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया है. सोमवार को भोजनावकाश के बाद जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई भाजपा के सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया. इसके बाद सदन को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया.

1:43 PM. 3 Apr 23 1:43 PM. 3 Apr

खगड़िया में भूमि विवाद में दो गुटों में गोलीबारी, तीन लोग घायल

खगड़िया में भूमि विवाद में दो गुटों के बीच मारपीट और गोलीबारी की घटना सामने आ रही है. इस घटना में दो महिला सहित 3 लोग घायल हुए हैं. तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.य

1:43 PM. 3 Apr 23 1:43 PM. 3 Apr

बिहार विधानसभा में सासाराम-नालंदा में हिंसा को लेकर बीजेपी का हंगामा

बिहार विधानसभा में सासाराम-नालंदा में हिंसा को लेकर बीजेपी ने जबरदस्त हंगामा किया है. इसके बाद सदन की कार्रवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी है.

1:43 PM. 3 Apr 23 1:43 PM. 3 Apr

नालंदा में हिंसा के कारण कुण्डलपुर महोत्सव स्थगित, डीएम ने दी जानकारी

नालंदा में आयोजित होने वाले कुण्डलपुर महोत्सव को स्थगित कर दिया गया है. डीएम शशांक शुभंकर ने दी जानकारी देते हुए बताया कि नालंदा हिंसा के कारण जिला प्रशासन ने ये निर्णय लिया है.

1:43 PM. 3 Apr 23 1:43 PM. 3 Apr

बेगुसराय में गंगा स्नान करने जा रहे व्यक्ति को मारी गोली, अस्पताल में भर्ती

बेगुसराय में गंगा में नहाने जा रहे व्यक्ति को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी है. इसके बाद आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

1:43 PM. 3 Apr 23 1:43 PM. 3 Apr

कटिहार के परतेली गांव में फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव

कटिहार के परतेली गांव में एक विवाहिता का शव उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला है. लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

1:43 PM. 3 Apr 23 1:43 PM. 3 Apr

तेजस्वी यादव का बिहार हिंसा पर बड़ा बयान, कहा-सद्भावना बिगाड़ने की संघी कोशिश पर नजर

तेजस्वी यादव ने नालंदा और सासाराम की घटना पर कहा कि सद्भावना बिगाड़ने की संघी कोशिश पर सरकार की पैनी नजर है. जहां बीजेपी कमजोर है, वहां बौखलाहट ज्यादा दिख रही है. एक-एक उपद्रवी को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है.

1:43 PM. 3 Apr 23 1:43 PM. 3 Apr

समस्तीपुर में खाटू श्याम मंदिर में बैठे व्यक्ति को चचेरे भाई ने मारी गोली

समस्तीपुर में खाटू श्याम मंदिर में बैठे व्यक्ति को चचेरे भाई ने गोली मार दी. बताया जा रहा है कि उनका आपसी विवाद काफी दिनों से चल रहा था. घायल आदमी को गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

1:43 PM. 3 Apr 23 1:43 PM. 3 Apr

नवादा में मकान का छज्जा गिरने से बड़ा हादसा, चार बच्चों समेत 9 लोग जख्मी

नवादा में मकान का छज्जा गिरने से बड़ा हादसा हुआ है. बताया जा रहा है कि हादसे में चार बच्चों समेत 3 महिलाएं जख्मी हुई है. घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है.

1:43 PM. 3 Apr 23 1:43 PM. 3 Apr

मुजफ्फरपुर में शार्ट सर्किट से लगी आग, दस लाख की संपत्ति जलकर राख

मुजफ्फरपुर के बोचहां थाना क्षेत्र के न्यू मार्केट बोचहां में शार्ट सर्किट से लगी आग के कारण पांच दुकान जलकर राख हो गयी. इसमें होटल, दर्जी की दुकान, आटा चक्की समेत अन्य दुकान है. इसमें दस लाख से अधिक के नुकसान होने की संभावना है. घटना में धर्मेंद्र कुमार की आटा चक्की, रामभरोस साह का होटल, मो सलीम की टेलर दुकान, तलीबुन खातून का कपड़ा दुकान व संजय सहनी का सेंट्रिंग का तख्ता जलकर राख हो गया है. दुकानदारों ने बताया कि अहले सुबह शार्ट सर्किट से आग लगी. देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गयी. इसके बाद इसकी सूचना थाना व फायर बिग्रेड को दी गयी. सूचना देने के बाद फायर बिग्रेड की गाड़ी ने पहुंच कर आग को बुझाया गया. थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगी है. घटना में पांच दुकान जले हैं. करीब दस लाख की क्षति हुई है.

6:31 AM. 3 Apr 23 6:31 AM. 3 Apr

जदयू विधायक का विवादित बयान, जो नीतीश का विरोध करेगा उसकी गर्दन उतार देंगे

अपने बयानों से अक्सर चर्चा में रहनेवाले गोपालपुर विधानसभा से जदयू विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल ने नवगछिया के गोपाल गौशाला में आयोजित भीम चौपाल कार्यक्रम में विरोधियों को खुली चुनौती देते हुए कहा कि जो नीतीश का विरोध करेंगे, हम उसकी गर्दन उतार देंगे. गोपाल मंडल ने उक्त बातें तब कही जब बिहार सरकार के भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी के साथ भागलपुर के सांसद अजय मंडल व जदयू एमएलसी संजय सिंह भी मंच पर मौजूद थे. वे अपने भाषण में नीतीश कुमार की ओर से दी जानेवाली योजनाओं की लोगों को जानकारी दे रहे थे. भाषण में गोपाल मंडल ने नीतीश कुमार के विरोधियों को खुली चुनौती देते हुए कहा कि कोई मेरे सामने नीतीश कुमार का विरोध नहीं करता है, और जो करेगा तो उसकी गर्दन उतार देंगे.

मुख्य बातें

Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >