Bihar news : बिहार के दरभंगा नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार स्थित सोना के थौक कारोबारी की दुकान से अपराधियों ने दस से बारह मिनट में सात करोड़ रुपया से अधिक मूल्य का सोना (14 किलो) लूट लिया. बड़ा बाजार मुख्य रुप से सोना-चांदी के थौक कारोबारियों का मार्केट है. बुधवार की सुबह लगभग 10.30 बजे तक बाजार में सब कुछ सामान्य चल रहा था.
सुबह 10 बजे अलंकार ज्वेलर्स के संचालक ने प्रतिष्ठान को खोला. कर्मियों ने प्रतिष्ठान की साफ-सफाई की. छह-सात कर्मी व पांच से सात की संख्या में दूसरे व्यापारी दुकान में मौजूद थे. लगभग 10 बजकर 36 मिनट पर एक-एक कर पांच अपराधी दुकान के अंदर प्रवेश कर गये. सभी ने अपने को सोना कारोबारी बताया.
दुकान के अंदर आते ही सभी अपराधी पिस्टल निकाल लिया. कर्मियों व अन्य व्यापारियों को पिस्टल की नोंक पर एक तरफ खड़ा कर दिया. अपराधी अपने साथ बैग लेकर आये थे. धमकी देते हुए अपराधी सोना समेटते हुए बैग में रखते गये. चांदी ले जाने में अपराधियों ने दिलचस्पी नहीं दिखायी. चांदी को छूआ तक नहीं.
गल्ला में रखा दो लाख रुपया नकद भी अपराधी लेता गया. अंतिम अपराधी के बैग लेकर निकलने के बाद संचालक सुनील लाठ ने जब शोर मचाया तब आसपास के दुकानदारों को घटना की जानकारी हुई. कुछ लोगों ने हिम्मत कर अपराधियों को पकड़ना चाहा. इस पर लोगों को खौफजदा करने के लिए अपराधी फायरिंग करने लगे. फायरिंग से लोगों में दशहत फैल गया. कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी. स्थानीय दुकानदार धराधर अपने प्रतिष्ठान का शटर गिराने लगे. लोग इधर-उधर भागने लगे. इस बीच सड़क पर फायरिंग करते हुए अपराधी दूर खड़ी कर रखी गयी बाइक पर बैठकर भाग निकले. अपराधियों की संख्या छह बतायी जा रही है.
Posted by : Avinish Kumar Mishra
