बिहार में बदलेगा जमीन का सर्किल रेट, नए मंत्री मदन सहनी ने और क्या-क्या कहा?

Bihar Bhumi: सम्राट कैबिनेट के लगभग सभी नए मंत्रियों ने शुक्रवार को कार्यभार संभाल लिया. पदभार ग्रहण करते ही कई विभागों के मंत्रियों ने सख्त आदेश भी जारी किए. उनमें से मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मंत्री मदन सहनी ने बिहार में जमीन के सर्किल रेट बढ़ाए जाने की बात कही.

Bihar Bhumi: बिहार में जमीन लेना अब महंगा पड़ सकता है. बिहार में नई सरकार के कैबिनेट का विस्तार गुरुवार को हुआ. उसी दिन सभी नए मंत्रियों को उनका विभाग भी सौंप दिया गया. इसके बाद शुक्रवार को कई मंत्रियों ने कार्यभार संभाला. मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मंत्री मदन सहनी ने पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत की.

इस वजह से बढ़ाया जाएगा सर्किल रेट

इस दौरान मंत्री मदन सहनी ने जमीन का सर्किल रेट बढ़ाए जाने की बात कही. उन्होंने कहा कि बिहार के गांव इलाके में भी सड़कों का जाल बिछा है. सड़क के किनारे जमीन का बाजार रेट बढ़ गया है. सरकारी स्तर पर सर्किल रेट में बदलाव नहीं हुआ जो अब आने वाले दिनों में होने वाला है. सर्किल रेट में बदलाव को लेकर कहा जा रहा है कि सरकार को बाजार रेट के हिसाब से राजस्व मिले, इसलिए यह फैसला लिया जाएगा.

कब हुआ था सर्किल रेट में बदलाव?

मंत्री मदन सहनी ने यह भी बताया कि 2013 में ग्रामीण इलाके और 2016 में शहरी इलाके में सर्किल रेट में बदलाव किया गया था. ऐसे में अब इस मामले में समीक्षा की जाएगी और इसके बाद रेट में बदलाव किया जाएगा. पदभार ग्रहण करने के बाद नए मंत्री ने विभाग से जुड़ी योजनाओं और कार्यों के बारे में भी जानकारी ली.

विभाग के अधिकारियों को दिया गया आदेश

विभाग के अधिकारियों को मंत्री मदन सहनी ने टेक्नोलॉजी का उपयोग करने का भी आदेश दिया. इससे फायदा यह हो सकेगा कि पुराने डॉक्यूमेंट्स को आसानी से खोजा जा सकेगा और रजिस्ट्री कार्यालय में लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो सकेगी. इसके साथ ही डिजिटाइजेशन के काम को भी जल्द पूरा करने का आदेश दिया गया.

जानकारी के मुताबिक, 1995 से 2026 तक के 234 करोड़ डॉक्यूमेंट्स का डिजिटाइजेशन किया गया है. अधिकारियों की माने तो, 1908 से 1995 के बीच के बीच के पुराने डॉक्यूमेंट्स रजिस्ट्री ऑफिस में हैं. पूरे तीन हिस्सों में बांटकर डॉक्यूमेंट्स का डिजिटाइजेशन किया जा रहा है. 1990 से 1995, 1947 से 1989 और 1908 से 1946 तक के डॉक्यूमेंट्स हैं.

Also Read: कोलकाता रवाना हुए सीएम सम्राट चौधरी, बिहार के बाद अब बंगाल में होगा शक्ति प्रदर्शन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >