छापेमारी की भनक लगते ही बंदियों ने मोबाइल बाहर फेंका
आरा : आरा मंडल कारा में रविवार की देर रात जेल अधीक्षक के नेतृत्व में छापेमारी की गयी. इसमें लावारिस स्थिति में दो मोबाइल व एक चार्जर बरामद किया गया. जेल अधीक्षक के बयान पर नगर थाना में मामला दर्ज कराया गया है. जेल अधीक्षक की इस कार्रवाई से आरा मंडल कारा में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि रविवार की देर रात जेल अधीक्षक निरंजन पंडित के नेतृत्व में जेल के भीतर छापेमारी की गयी. छापेमारी की भनक लगते ही बंदियों ने मोबाइल बाहर फेंक दिया, जिसे बरामद किया गया. जेल अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि जेल के अंदर कुछ बंदी मोबाइल के इस्तेमाल कर रहे हैं. इसके बाद देर रात सर्च अभियान चलाया गया,
जिसमें दो मोबाइल व चार्जर बरामद किये गये. इसके पहले भी जेल में कई बार छापेमारी हो चुकी है. इस संबंध में जेल अधीक्षक निरंजन पंडित ने बताया कि सूचना मिली थी, जिसके बाद आंतरिक छापेमारी की गयी, जिसमें मोबाइल व चार्जर बरामद किया गया है. मामले की जांच की जा रही है. साथ ही पता लगाया जा रहा है कि किस वार्ड के बंदी मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं. उसकेबाद आगे की कार्रवाई
की जायेगी.
पेपरलेस होने के बावजूद हो रही चूक
आरा मंडल कारा को पेपरलेस बना दिया गया है. उसके बावजूद मोबाइल अंदर कैसे पहुंच रहा है. यह अपने आप में एक सवाल है. जेल के मुख्य द्वार पर चेकिंग की जाती है. यहां से चेकिंग होने के बाद ही कोई समान अंदर जाता है. लेकिन इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद भी मोबाइल व सिम अंदर कैसे जा रहा है यह जांच का विषय है. इस संबंध में जेल अधीक्षक ने बताया कि इसकी जांच की जायेगी. दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.
