बीच-बचाव करने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या, नवगछिया के जयमंगल टोला में मातम
Bhagalpur News : नवगछिया के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र में बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. इलाज के दौरान पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में युवक की मौत हो गई. घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
नवगछिया, भागलपुर से अंजनी कुमार कश्यप की रिपोर्ट
Bhagalpur News : पुलिस जिला नवगछिया के छोटी परवत्ता पंचायत अंतर्गत जयमंगल टोला गांव में 25 मई की रात यह घटना हुई. मृतक की पहचान योगेंद्र मंडल के पुत्र संदीप कुमार के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि शराब कारोबार और पैसों के विवाद के बीच संदीप बीच-बचाव करने पहुंचे थे, जहां उन पर जानलेवा हमला कर दिया गया.
जहान्वी चौक पर हुआ विवाद
परिजनों के अनुसार गांव के समीप जहान्वी चौक पर स्वर्गीय भूमि मंडल के पुत्र संगम कुमार और प्रमोद मंडल के पुत्र गौतम कुमार व अंकित कुमार के बीच किसी बात को लेकर मारपीट और गाली-गलौज हो रही थी.इसी दौरान संदीप कुमार वहां पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने लगे. आरोप है कि तभी प्रमोद मंडल ने अपने पुत्रों गौतम कुमार, अंकित कुमार और आशीष कुमार को हमला करने के लिए उकसाया.
लाठी-डंडों से बेरहमी से की गयी पिटाई
परिजनों ने आरोप लगाया कि उकसावे के बाद आरोपियों ने संदीप कुमार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद संदीप घटनास्थल पर ही गिर पड़े.स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें नवगछिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.
सिलीगुड़ी में इलाज के दौरान हुई मौत
परिजन गंभीर हालत में संदीप कुमार को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी लेकर गए, लेकिन गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में कोहराम मच गया. बाद में शव को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया.
“अवैध शराब तस्करी से जुड़ा है मामला”
मृतक के छोटे भाई गौरव कुमार ने आरोप लगाया कि आरोपी परिवार लंबे समय से अवैध शराब और अन्य गलत धंधों में शामिल है.उन्होंने कहा कि संगम कुमार भी इन्हीं लोगों से शराब खरीदता था और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद में उनके भाई को निशाना बनाया गया.
पुलिस ने कहा- सिर पर चोट से हुई मौत
अजीत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया लाठी-डंडे से सिर पर हमला किए जाने के कारण युवक की मौत हुई है.उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम करा दिया गया है और लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पत्नी और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल
संदीप कुमार पांच भाइयों में चौथे स्थान पर थे. वह अपने पीछे पत्नी सबिता देवी और मासूम बेटी नैन्सी कुमारी को छोड़ गए हैं.घर पर शव पहुंचते ही पूरे गांव में मातम पसर गया. पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि मासूम बेटी बार-बार अपने पिता के बारे में पूछकर बिलख रही है.
ग्रामीणों ने उठाई कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि संदीप कुमार गांव में शराब और नशे के अवैध कारोबार का विरोध करते थे. इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया गया.घटना के बाद सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने नवगछिया एसपी से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में चल रहे अवैध नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.