भागलपुर
प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम उषा) के तहत बीएन कॉलेज को बड़ी सौगात मिल सकती है. दरअसल, पीएम उषा की विशेषज्ञों की टीम कॉलेज का भौतिक मूल्यांकन करने मार्च के अंतिम सप्ताह में आ रही है. इस आशय का पत्र कॉलेज को पीएम उषा मुख्यालय से ई-मेल से प्राप्त हुआ है. कॉलेज प्रशासन ने विकास से संबंधित प्रस्ताव पीएम उषा मुख्यालय को भेजा है. बताया जा रहा है कि विशेषज्ञों की टीम कॉलेज के विकास के लिए करोड़ों की अनुदान की राशि को मंजूरी दे सकती है.
कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य प्रो अशोक कुमार ठाकुर ने बताया कि सूबे का इकलौता कॉलेज है, जहां पीएम उषा की टीम आ रही है. कॉलेज के विकास संबंधित प्रस्ताव पीएम उषा के मुख्यालय को भेजा गया है, जिसका टीम भौतिक सत्यापन करेगी. सबकुछ ठीक रहा, तो पीएम उषा की विशेषज्ञों की टीम कॉलेज के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर सकती है. बताया कि टीम ने मार्च के अंतिम सप्ताह में आने की सूचना दी है.
आधारभूत संरचना का होगा विकास पीएम उषा योजना के अंतर्गत कॉलेज को करोड़ों का अनुदान मिल सकता है. इस राशि से नवाचार, अनुसंधान व आधारभूत संरचना का विकास होगा. कॉलेज के क्लास रूम, पठन-पाठन, लाइब्रेरी, लैब आदि अपडेट किया जायेगा. इसके अलावा कॉलेज में नये भवन का भी निर्माण कराया जा सकता है. प्रभारी प्राचार्य ने बताया कि कॉलेज का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा. स्टार्टअप, शोध एवं अनुसंधान में तेजी आयेगी. शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हो. इसी दिशा में अनुदान का उपयोग कॉलेज प्रशासन द्वारा किया जायेगा.छात्रों को मिलेगी स्मार्ट क्लास की व्यवस्था
पीएम उषा योजना के तहत छात्र-छात्राओं का भी खास ध्यान रखा जायेगा. छात्रों के लिए स्मार्ट क्लास की व्यवस्था करायी जायेगी. साथ ही अलग-अलग अपडेट शौचालय का निर्माण कराया जायेगा. कॉलेज में नये कोर्स की भी पढ़ाई शुरू होगी. लाइब्रेरी की पुस्तक के अलावा प्रतियोगी मैगजीन आदि की बेहतर सुविधा भी छात्र-छात्राओं को मिल सकती है. हॉस्टल को भी बेहतर बनाया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
