Bhagalpur News. परीक्षा विभाग के एसओ हटाये गये, विवाद के बाद गांधी विचार विभाग के हेड व कर्मी पर भी एक्शन

तिलकामांझी भागलपुर यूनिवर्सिटी.

तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में गड़बड़ियों और आपसी विवादों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ””””एक्शन मोड”””” में है. रजिस्ट्रार प्रो रामाशीष पूर्वे ने शुक्रवार को अधिसूचना जारी करते हुए परीक्षा विभाग और पीजी विभागों के अधिकारियों व कर्मियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है.

परीक्षा विभाग में सुरक्षा चूक पर गिरी गाज

विश्वविद्यालय द्वारा हटायी गयी सुरक्षा एजेंसी के तीन कर्मियों से काम लेने का मामला सामने आने के बाद परीक्षा विभाग के प्रशाखा पदाधिकारी (सेक्शन ऑफिसर) मानिक चंद्र केशव पर गाज गिरी है. रजिस्ट्रार के औचक निरीक्षण में सुरक्षा चूक पाये जाने के बाद मानिक चंद्र केशव को परीक्षा विभाग से हटाकर पीजी ग्रामीण अर्थशास्त्र विभाग में प्रतिनियुक्त कर दिया गया है. उनकी जगह केंद्रीय कार्यालय से उपानंद दास को परीक्षा विभाग का नया प्रशाखा पदाधिकारी बनाया गया है. इसके इतर परीक्षा विभाग के एलडीसी विकास कुमार को पीजी मैथिली विभाग भेजा गया है, जबकि मैथिली विभाग के प्रदीप राय अब परीक्षा विभाग में अपनी सेवा देंगे.

गांधी विचार विभाग के हेड और सहायक पर कार्रवाई

पीजी गांधी विचार विभाग में पिछले दिनों हुए विवाद और अनुशासनहीनता के मामले में भी सख्त कदम उठाये गये हैं. प्रभारी कुलपति प्रो बिमलेंदु शेखर झा की अध्यक्षता में हुई अनुशासन समिति की बैठक के निर्णय के बाद यह कार्रवाई की गयी. विभाग के हेड डॉ अमित रंजन सिंह और सहायक उमेश कुमार के बीच दुर्व्यवहार, जातिगत राजनीति और अनुशासनहीनता का गंभीर मामला सामने आया था. हेड डॉ अमित रंजन सिंह को पीजी दर्शनशास्त्र विभाग में प्रतिनियुक्त किया गया है. उनकी जगह दर्शनशास्त्र विभाग के पूर्व हेड प्रो एसडी झा को गांधी विचार विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गयी है. वहीं गांधी विचार विभाग के सहायक उमेश कुमार को पीजी उर्दू विभाग भेजा गया है, जबकि उर्दू विभाग के वजीउर रहमान को गांधी विचार विभाग में तैनात किया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KALI KINKER MISHRA

KALI KINKER MISHRA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >