जिलाधिकारी का दावा, लोग घबराएं नहीं, नहीं है गैस सिलिंडर की किल्लत
एलपीजी गैस की मॉनिटरिंग के संबंध में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि उनके पदाधिकारी प्रतिदिन गैस के गोदाम का निरीक्षण कर रहे हैं. जहां अधिक बैकलॉग या डिमांड है, वहां गैस की आपूर्ति को उसी अनुसार सुनिश्चित किया जा रहा है.जिलाधिकारी ने कहा कि अगले 7 दिनों के अंदर लंबित सभी मामले को निपटा दिया जायेगा. कुछ जगहों पर 2-3 दिन की पेंडिंग केवल इसलिए हुई क्योंकि पहले कम आवंटन वाले उपभोक्ताओं ने भी आवेदन कर दिया है. उन्होंने कहा कि लोग घबराएं नहीं, सभी को समय पर गैस की डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है.
इस संबंध में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति दोगुनी कर दी गयी है. होम डिलीवरी के माध्यम से नियमित रूप से गैस उपलब्ध करायी जा रही है. 19 मार्च को 12,733 गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी की गयी. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ता सिलेंडर खाली होने पर बुकिंग करवा सकते हैं, उन्हें समय पर होम डिलीवरी उपलब्ध करायी जायेगी.
