भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट :
भागलपुर के जेएलएनएमसीएच मायागंज अस्पताल में इलाजरत ट्रक खलासी मंजा टुडू ने आखिरकार दम तोड़ दिया. मृतक अररिया जिले के रामपुर कोदरकट्टी गांव का रहने वाला था और ट्रक पर खलासी का काम करता था. सड़क हादसा खगड़िया में उस समय हुआ, जब ट्रक बालू लाने जा रहा था.हादसे के बाद खगड़िया से मायागंज किया गया था रेफर
परिजनों के अनुसार हादसे के बाद घायल मंजा टुडू को पहले खगड़िया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.मृतक की पहचान अररिया जिले के रामपुर कोदरकट्टी निवासी 28 वर्षीय मंजा टुडू के रूप में हुई है. वह बबलू टुडू का पुत्र था.
पुलिस के फोन से परिवार को मिली जानकारी
परिजनों ने बताया कि शनिवार सुबह खगड़िया पुलिस ने फोन कर सूचना दी कि मंजा टुडू गंभीर रूप से घायल है और उसे मायागंज अस्पताल भेजा गया है. सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य भागलपुर पहुंचे. अस्पताल में मृतक की भाभी मेरी मुर्मू और भाई अंजू टुडू मौजूद थे.2020 में हुई थी शादी, एक बच्चे का पिता था मंजा टुडू
मंजा टुडू की पत्नी चांदनी सुमन ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2020 में हुई थी. दंपति का एक छोटा बच्चा भी है. पति की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में भी घटना के बाद मातम का माहौल है.
जमुई जा रहा था ट्रक
परिजनों के मुताबिक हादसे के समय ट्रक जमुई की ओर जा रहा था. ट्रक चालक भी अररिया जिले का ही रहने वाला बताया जा रहा है, हालांकि परिजन उसका नाम नहीं बता सके.पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुटी पुलिस
बरारी थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
