72 घंटे बाद होगा भव्य आगाज, CM सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन, पहली बार लेजर शो से जगमगाएगी अजगैवीनगरी

Sultanganj Shravani Mela 2026 :विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 का भव्य शुभारंभ 72 घंटे में होने वाला है. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इसका उद्घाटन करेंगे. इस बार श्रद्धालुओं को धार्मिक आयोजनों के साथ आधुनिक सुविधाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी अनूठा अनुभव मिलेगा.

सुल्तानगंज(भागलपुर) से शुभंकर की रिपोर्ट

Sultanganj Shravani Mela 2026: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के शुभारंभ में अब सिर्फ 72 घंटे शेष हैं. 28 जुलाई को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सुलतानगंज के नमामि गंगे घाट से मेले का विधिवत उद्घाटन करेंगे. इसके बाद 30 जुलाई से बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए कांवरियों की सबसे बड़ी आस्था यात्रा अपने चरम पर पहुंच जाएगी. उद्घाटन से पहले पूरी अजगैवीनगरी को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है. शहर के प्रवेश द्वारों से लेकर नमामि गंगे घाट तक तैयारियां अंतिम चरण में हैं. इस बार श्रद्धालुओं को सिर्फ धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि आधुनिक सुविधाओं, बेहतर प्रबंधन और सांस्कृतिक आयोजनों का भी नया अनुभव मिलेगा.

हर साल सावन में सुलतानगंज से देवघर तक लाखों कांवरिये उत्तरवाहिनी गंगा का जल लेकर पैदल यात्रा करते हैं. इसी भीड़ को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने इस बार कई नई व्यवस्थाएं लागू की हैं.

28 जुलाई को होगा भव्य उद्घाटन, शाम को गूंजेगी सांस्कृतिक संध्या

28 जुलाई को अपराह्न 3 बजे नमामि गंगे घाट पर आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी श्रावणी मेला 2026 का उद्घाटन करेंगे. समारोह की अध्यक्षता राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल करेंगे.

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव मुख्य अतिथि होंगे. वहीं प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बूलो मंडल, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, खान एवं भूतत्व तथा कला-संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि समारोह में शामिल होंगे.

शाम को नमामि गंगे घाट पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध पार्श्व गायिका सोना मोहपात्रा अपनी प्रस्तुति देंगी. सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के गंगा महाआरती में भी शामिल होने की संभावना है.

पहली बार लेजर शो, गंगा महाआरती और जर्मन हैंगर बनेगा आकर्षण

इस बार श्रावणी मेले को पहले से अधिक आकर्षक बनाने के लिए कई नई पहल की गई हैं. गंगा महाआरती के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जर्मन हैंगर बनाए गए हैं.

सबसे खास बात यह है कि धांधी-बेलारी कांवरिया पथ पर पहली बार लेजर शो का आयोजन किया जाएगा. इससे श्रद्धालुओं को धार्मिक वातावरण के साथ आधुनिक प्रस्तुति का भी अनुभव मिलेगा.

1200 सफाईकर्मी, 250 डस्टबिन और स्प्रिंकलर मशीन से होगी राहत

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक आनंद के अनुसार पूरे मेला क्षेत्र में 24 घंटे चार पालियों में 1200 सफाईकर्मी तैनात किए गए हैं. शहर में 250 अतिरिक्त डस्टबिन लगाए जा रहे हैं.

कांवरियों के नंगे पैर गर्म सड़क से सुरक्षित रहें, इसके लिए मुख्य मार्गों पर नियमित रूप से स्प्रिंकलर मशीन से पानी का छिड़काव होगा. पक्के कांवरिया पथ पर विशेष व्यवस्था भी की गई है ताकि श्रद्धालुओं को धूप और गर्मी से राहत मिल सके.

पेयजल से लेकर लॉकर तक, श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम

प्रशासन ने मेला क्षेत्र में पेयजल, अस्थायी शौचालय, स्वास्थ्य शिविर, चेंजिंग रूम, लगभग 200 लॉकर, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सूचना केंद्र की व्यवस्था की है.

नगर परिषद की ओर से ब्लॉक परिसर में निःशुल्क ठहराव शिविर भी बनाया गया है, जहां बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी.

सुरक्षा हाई अलर्ट पर, अतिक्रमण करने वालों को नोटिस

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. नमामि गंगे घाट, उद्घाटन स्थल और प्रमुख मार्गों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा.

नगर परिषद ने अतिक्रमण करने वाले 25 दुकानदारों को नोटिस जारी किया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पीली पट्टी के बाहर दुकान लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी.

आदर्श मध्य विद्यालय परिसर में केंद्रीय कंट्रोल रूम और सूचना केंद्र स्थापित किया गया है, जहां से श्रद्धालुओं को लगातार जरूरी सूचनाएं दी जाएंगी.

सैकड़ों कांवरिये पहले ही हुए रवाना, श्रद्धालुओं ने की व्यवस्थाओं की तारीफ

श्रावणी मेला शुरू होने से पहले ही शुक्रवार को सुलतानगंज से सैकड़ों कांवरिये उत्तरवाहिनी गंगा का जल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए.

पश्चिम बंगाल से आए 30 सदस्यीय कांवरियों के दल ने बताया कि इस बार प्रशासन की व्यवस्था पहले की तुलना में काफी बेहतर दिखाई दे रही है. वहीं असम से आए एक श्रद्धालु ने कहा कि वह पिछले 15 वर्षों से श्रावणी यात्रा कर रहे हैं, लेकिन इस बार साफ-सफाई, घाटों की व्यवस्था और सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला.

श्रद्धालुओं ने बताया कि वे सोमवार और गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करेंगे.

डाक बमों के लिए खुलेंगे 37 काउंटर

श्रावणी मेले के दौरान डाक बमों को प्रमाण पत्र जारी करने के लिए प्रशासन ने 37 काउंटर बनाए हैं.

इनमें सीढ़ी घाट पर 15, नमामि गंगे घाट पर 10, कृष्णगढ़ घाट पर 8 और आदर्श मध्य विद्यालय परिसर में 4 काउंटर संचालित होंगे. सभी काउंटर तीन शिफ्टों में काम करेंगे. निगरानी के लिए चार मेला पर्यवेक्षकों की भी तैनाती की गई है.

अधिकारियों ने किया निरीक्षण, दो हेलिपैड का निर्माण अंतिम चरण में

जिला प्रशासन लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहा है. शुक्रवार को वरिष्ठ अधिकारियों ने धांधी-बेलारी, कृष्णगढ़, तिलकपुर और नमामि गंगे घाट सहित प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा और श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग की समीक्षा की गई.

मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए कृष्णानंद स्टेडियम में दो अस्थायी हेलिपैड का निर्माण भी युद्धस्तर पर चल रहा है. भवन निर्माण विभाग की देखरेख में मजदूर दिन-रात काम कर रहे हैं ताकि उद्घाटन कार्यक्रम में किसी प्रकार की बाधा न आए.

Sultanganj Shravani Mela 2026: टूटा भारी वाहनों का बैरियर, प्रशासन ने शुरू की जांच

श्रावणी मेला शुरू होने से पहले कृष्णगढ़ चौक स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए लगाया गया लोहे का बैरियर किसी अज्ञात बड़े वाहन की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गया.

प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बैरियर की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं ताकि मेले के दौरान कांवरियों की आवाजाही पूरी तरह सुरक्षित बनी रहे.

प्रशासन का दावा है कि इस बार का श्रावणी मेला केवल आस्था का आयोजन नहीं होगा, बल्कि आधुनिक सुविधाओं, बेहतर प्रबंधन और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था के कारण अब तक का सबसे व्यवस्थित और यादगार श्रावणी मेला बनने की दिशा में तैयार है.

Also Read: हिरासत में लिए गए माले विधायक संदीप सौरभ, 25 जुलाई को बिहार बंद से पहले एक्शन में पुलिस

Also Read: पटना से दिल्ली सिर्फ साढ़े 9 घंटे में, जल्द मिलेगी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात, देखें पूरी डिटेल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >