Bhagalpur News: भागलपुर जिले के सुलतानगंज में मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. गनगनिया गांव के पास हाईवा और सब्जी लदी पिकअप वैन की आमने-सामने की टक्कर में चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद हाईवा चालक फरार हो गया. पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच एक बार फिर फोरलेन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.
गनगनिया के पास हुई भीषण टक्कर
शनिवार सुबह मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर गनगनिया गांव और रेलवे स्टेशन के समीप तेज रफ्तार हाईवा और पिकअप वैन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई.
बताया जा रहा है कि पिकअप वैन बेगूसराय मंडी से परवल और बैंगन लोड कर भागलपुर की ओर जा रही थी. इसी दौरान भागलपुर से मुंगेर की ओर जा रही हाईवा से उसकी भिड़ंत हो गई.
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चालक व खलासी वाहन के अंदर ही फंस गए.
चालक और खलासी की मौके पर ही मौत
हादसे में पिकअप चालक और खलासी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
सूचना मिलते ही सुलतानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को वाहन से बाहर निकाला गया.
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया.
दोनों मृतकों की हुई पहचान
पुलिस ने मृतकों की पहचान बेगूसराय जिले के मंसूरचक निवासी रामभरोस दास के 25 वर्षीय पुत्र गुलशन कुमार और खगड़िया जिले के मथुरापुर काली स्थान निवासी दिनेश तांती के 23 वर्षीय पुत्र सुमन कुमार के रूप में की है.
परिजनों के अनुसार दोनों रिश्ते में मामा-भांजा थे और सब्जी लेकर भागलपुर जा रहे थे.
हाईवा चालक मौके से फरार
हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.
पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.
Bhagalpur News: लगातार हादसों से बढ़ी चिंता
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर तेज रफ्तार के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले भी इसी मार्ग पर चार लोगों की जान गई थी. इसके बावजूद वाहनों की गति पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है.
लोगों ने प्रशासन से फोरलेन पर स्पीड मॉनिटरिंग, नियमित जांच और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके.
इसे भी पढ़ें: बिहार शिक्षक ट्रांसफर पॉलिसी लागू, इस तारीख से शुरू होगा आवेदन, तीन चरणों में पूरी होगी प्रक्रिया
इसे भी पढ़ें: लालू प्रसाद यादव की अचानक बिगड़ी तबीयत, जांच के लिए पटना के IGIMS ले जाया गया, कल जाएंगे दिल्ली
