सुलतानगंज मसदी गांव में शनिवार सुबह रास्ता विवाद में दो पक्षों में जम कर मारपीट व पथराव की घटना हुई. बकझक, गाली गलौज के साथ दोनों पक्षों ने मारपीट व पथराव किया. दोनों पक्षों से महिला-पुरुष आठ लोग जख्मी है. पांच को भागलपुर रेफर किया गया. एक पक्ष के लोगों ने गांव जाने वाली गली के रास्ता पर चबूतरा निर्माण किया, तो दूसरे पक्ष ने विरोध किया. सभी जख्मी का इलाज रेफरल अस्पताल में कराया गया. पांच जख्मी का हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मायागंज,भागलपुर रेफर कर दिया. सूचना मिलते थाना पुलिस काफी संख्या में दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच नियंत्रित किया. स्थानीय लोगों ने बताया कि मुख्य सड़क मार्ग से गांव एक रास्ता गया है, जिसकी चौड़ाई सात फीट है. रास्ता पर दोनों पक्षों का घर आमने सामने है. एक पक्ष की जख्मी नुसरत परवीन, गुड्डो खातून, यासमीन घर के दरवाजा के सामने चबूतरा का निर्माण करा रही थी, जिसका विरोध जख्मी सतीश यादव, उमेश यादव, रानी देवी, रोहित कुमार ने किया. दूसरे पक्ष ने बताया कि सात फीट की गली में दोनों पक्ष की बराबर जमीन है. गली में कोई पक्ष कोई निर्माण कार्य नहीं करेगा, इसका पंचायत में फैसला पहले हुआ है. प्रथम पक्ष ने बताया कि घर में प्रवेश करने में दिक्कत आ रही थी. बच्चे गिर जाते हैं, इसलिए सात इंच की सीढ़ी का चबूतरा निर्माण करा रहे थे. मारपीट की सूचना पर दोनों पक्षों के ग्रामीण जमा हो गये. दोनों पक्षों में करीब आधा घंटा तक पथराव हुआ है. थाना पुलिस ने बताया कि पथराव करने का आरोप एक दूसरे पर लगाया गया है. मामले की जांच की जा रही है. थानाध्यक्ष विवेक कुमार जायसवाल ने बताया कि दोनों पक्ष के आवेदन पर केस दर्ज किया गया है. कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच पड़ताल में जुटी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
