bhagalpur news. भागलपुर में विकसित होंगी राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं, धोनी और ईशान किशन की राह पर निकलेंगे नये सितारे

सिल्क सिटी भागलपुर अब खेल के मैदान में भी अपनी नयी पहचान बनाने को तैयार है

सिल्क सिटी भागलपुर अब खेल के मैदान में भी अपनी नयी पहचान बनाने को तैयार है. बुधवार को समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में विभिन्न खेल संघों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गयी. इसका उद्देश्य भागलपुर में खेल के बुनियादी ढांचे को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करना है. बैठक में याद किया गया कि भारतीय टीम के दिग्गज पूर्व कप्तान एमएस धोनी और मौजूदा स्टार क्रिकेटर ईशान किशन भी भागलपुर के मैदानों पर अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं. यहां सुविधाएं ऐसी हों कि ऐसे सितारे भागलपुर से भी निकले. जिलाधिकारी ने कहा कि इस लक्ष्य पर काम करें कि भागलपुर में ऐसी सुविधाएं विकसित हों कि यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी की जा सके. बीसीसीआइ के मानकों पर तैयार होगा क्रिकेट ग्राउंड

बैठक में सबसे महत्वपूर्ण चर्चा क्रिकेट को लेकर हुई. जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बीसीसीआइ के मानकों के अनुसार क्रिकेट पिच और मैदान तैयार किया जाये. जिला खेल पदाधिकारी ने वर्तमान क्रिकेट ग्राउंड को 10 फीट तक बढ़ाना जरूरी बताया. वहीं मैदान की लेबलिंग, आधुनिक दर्शक दीर्घा (गैलरी) और पिच की गुणवत्ता पर विशेष विमर्श किया गया. वॉलीबॉल कोर्ट के पास शौचालय, चेंजिंग रूम, शुद्ध पेयजल और लाइटिंग (प्रकाश) की व्यवस्था दुरुस्त की जायेगी.

अन्य खेलों के लिए भी बनेंगे आधुनिक कोर्ट और ट्रैक

सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि फुटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, लॉन टेनिस और बैडमिंटन के विकास पर भी जोर दिया गया. विभिन्न खेलों के लिए अलग-अलग मैदान चिह्नित करने के निर्देश दिये गये. जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बिना अनुशासन के कोई भी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता नहीं पा सकता. उन्होंने खिलाड़ियों के लिए रेगुलेटरी उपाय अपनाने का सुझाव दिया. साथ ही जिला खेल पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिले के सभी सक्रिय खेल संघों की सूची बनायी जाये. सभी खेल संघ अपने पदाधिकारियों की सूची खेल विभाग को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं. राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तराशने के लिए नियमित अभ्यास और मैचों का आयोजन कराया जाये. इस मौके पर डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा, अपर समाहर्ता दिनेश राम, एडीएम (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता और जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार सहित कई खेल संघों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >