कुख्यात शबनम यादव गिरोह के आरोपित अजीत कुमार को नवगछिया नदी थाना की पुलिस ने कामा स्थान भवनपुरा बहियार से हथियार और गोली के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधी खगड़िया जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र हीरा टोला निवासी बताया जा रहा है. नदी थाना के थानाध्यक्ष संतोष शर्मा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि किसानों से रंगदारी की मांग करने वाला अपराधी कामास्थान बहियार में अवैध हथियार के साथ घूम रहा है. सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी की और अजीत कुमार को हथियार और आठ जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपित को थाना लाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने आरोपित के खिलाफ नवगछिया नदी थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. गिरोह के सक्रिय रहने से इलाके के किसान लंबे समय से दहशत में थे. अजीत कुमार की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी से अवैध रूप से धन उगाही या डराने-धमकाने नहीं दिया जायेगा. पुलिस आरोपित के आपराधिक रिकॉर्ड व उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने में लगी है.
नाबालिग लड़की के अपहरण का आरोपित गिरफ्तार
नाबालिग लड़की का अपहरण करने के आरोपित को ढोलबज्जा थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपित धोबिनिया के मिथिलेश कुमार उर्फ श्रीकांत है .नवगछिया के एसपी ने बताया कि चार दिसंबर की रात में नाबालिग बिना कुछ बताये घर से कहीं चली गयी थी. काफी खोजबीन के पश्चात पता चला कि मिथिलेश कुमार उर्फ श्रीकांत ने नाबालिग का शादी की नीयत से बहला-फुसला कर भगा ले गया है. ढ़ोलबज्जा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी. कांड अनुसंधान के क्रम में अपहृता को पूर्व में बरामद किया गया था. कांड में फरार चल रहे अभियुक्त मिथिलेश कुमार उर्फ श्रीकांत के विरुद्ध लगातार छापामारी की जा रही थी. तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर नामजद आरोपित मिथिलेश कुमार उर्फ श्रीकांत को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
