भागलपुर. दक्षिणी शहर के बबरगंज इलाके में चार दिनों से जारी बिजली संकट से परेशान लोगों का रविवार को आक्रोश फूट पड़ा. बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे सड़क पर उतर आये और मिरजानहाट-अलीगंज रोड को जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने बांस-बल्ला लगाकर वाहनों की आवाजाही रोक दी और सड़क पर टायर जलाकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की. सड़क जाम के कारण मार्ग से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
चार दिन से बिजली गुल, पानी का भी गहराया संकट
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने बताया कि चार दिनों से बिजली नहीं रहने के कारण घरों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे थे. मोहल्ले में अंधेरा पसरा था और सबसे बड़ी परेशानी पेयजल को लेकर हो रही थी. बिजली के अभाव में बच्चों की पढ़ाई के साथ खाना बनाने और अन्य घरेलू कार्यों में भी परेशानी हो रही थी.
लगातार चार दिनों तक समस्या दूर नहीं होने के बाद लोगों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने सड़क पर उतरकर अपनी नाराजगी जतायी.
विधायक और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराया शांत
सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद नगर विधायक रोहित पांडे और बबरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. विधायक और पुलिस पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाया और शांत कराया.
इसके बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाया गया. काफी देर तक चली बातचीत और समस्या के समाधान की कवायद के बाद प्रभावित हिस्से में बिजली आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की गयी.
ट्रांसफॉर्मर बदलने के बाद भी बनी रही समस्या
मोजाहिदपुर विद्युत सब डिवीजन के सहायक अभियंता प्रणव मिश्रा ने बताया कि मोहल्ले का ट्रांसफॉर्मर जल गया था. इसके बाद दूसरा ट्रांसफॉर्मर लगाया गया, लेकिन वह भी खराब हो गया. फिर नया ट्रांसफॉर्मर लगाया गया.
उन्होंने बताया कि लोड अधिक होने के कारण नये ट्रांसफॉर्मर पर दोबारा खराबी का खतरा था. इसे देखते हुए मोहल्ले के कुछ हिस्से के उपभोक्ताओं को दूसरे ट्रांसफॉर्मर से जोड़ने का निर्णय लिया गया.
तार जोड़ने को लेकर विवाद से रुका था काम
सहायक अभियंता के अनुसार दूसरे ट्रांसफॉर्मर पर शिफ्ट किए गये हिस्से में तार जोड़ने का काम कुछ लोगों के बीच आपसी विवाद के कारण आगे नहीं बढ़ पा रहा था. इस वजह से संबंधित हिस्से में बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी.
रविवार को पुलिस की मौजूदगी में तार जोड़ने का काम कराया गया. कनेक्शन जुड़ने के बाद प्रभावित हिस्से में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गयी.
बिजली बहाल होते ही सड़क से हटे प्रदर्शनकारी
बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों का आक्रोश शांत हुआ. इसके बाद लोगों ने सड़क से जाम हटा लिया और मिरजानहाट-अलीगंज रोड पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो गयी.
