संवाददाता, भागलपुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भागलपुर आने काे लेकर जिला पुलिस के अलावा राज्य और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी भागलपुर पहुंच कर अपने-अपने स्तर से जांच और तैयारी कर रही है. मिली जानकारी के अनुसार केंद्र से भागलपुर पहुंची रॉ और आइबी की टीम भी बीते कुछ दिनाें से अपने स्तर पर कार्यक्रम स्थल सहित आसपास के इलाकों में जांच कर रही है. रॉ से आये पदाधिकारियों ने विगत कुछ दिनों में की गयी जांच को लेकर बनायी गयी रिपोर्ट केंद्र को भेज दी है. हालांकि, रिपोर्ट में किन बातों का उल्लेख किया गया है इसकी जानकारी जिला के वरीय पुलिस अधिकारियों को भी नहीं दी गयी है. रॉ की रिपोर्ट के आधार पर ही पीएम के कार्यक्रम के सुरक्षा के इंतजाम किये जायेंगे. मिली जानकारी के अनुसार जिला पुलिस की ओर से भागलपुर हवाई अड्डा के आसपास के मोहल्ले में रहने वाले लोगों और रेंटरों का सत्यापन किया गया था. सत्यापन के दौरान सामने आयी बातों के बारे में भी रॉ और आइबी के अधिकारियों ने विस्तृत जानकारी ली है. इसके अलावा भागलपुर रेंज के आइजी सहित सीनियर एसपी, एसपी सिटी और डीएसपी रैंक के पदाधिकारियों से भी फीडबैक लिया गया है. जिसे रॉ ने अपनी रिपोर्ट में शामिल किया है. इधर, भागलपुर पुलिस की ओर से तिलकामांझी थाना सहित बरारी, जीरोमाइल, सबौर, लोदीपुर, बाइपास थाना को हाई अलर्ट पर रखा है. हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रख कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. बता दें कि रविवार को हवाई अड्डा से पकड़े गये संदिग्धों से सोमवार को भी तिलकामांझी थाना में पूछताछ की जाती रही. प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भागलपुर पुलिस की ओर से निरोधात्मक और सुरक्षात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
