भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट : मॉनसून अब अपनी दहलीज पर है और बिहार में इसके प्रवेश की संभावित तिथि 15 जून निर्धारित है. मॉनसून के आगमन से पहले ही राज्य में प्री-मॉनसून की बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर और भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 10 जून से 14 जून तक दक्षिण बिहार के जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. भागलपुर और बांका जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना जतायी गयी है. बारिश और तेज हवाओं के बावजूद तापमान में केवल मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है.किसानों के लिए कृषि सलाह
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को धान की खेती को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिये हैं. लंबी अवधि वाली धान की किस्में जैसे सबौर श्री, स्वर्णा सब-1, राजश्री, राजेंद्र मंसुरी, राजेंद्र स्वेता, स्वर्णा, वीपीटी-5204 और राजेंद्र कस्तूरी की नर्सरी स्थापित करने का समय आ गया है. बीएयू ने कहा है कि स्वस्थ पौध के लिए नर्सरी में सड़ी हुई गोबर की खाद का उपयोग करें. क्यारी की चौड़ाई 1.25 से 1.5 मीटर रखें और लंबाई अपनी सुविधानुसार तय करें. एक हेक्टेयर क्षेत्रफल में रोपाई के लिए 800 से 1000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में नर्सरी तैयार करें.
