भागलपुर बिहार सरकार कल्याण विभाग के मंत्री जनक राम ने रविवार की शाम विश्वविद्यालय परिसर स्थित राजकीय अनुसूचित जनजाति कल्याण छात्रावास का निरीक्षण किया. मंत्री ने छात्रों से विभाग द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं व संसाधनों की जानकारी ली. मौके पर छात्रों ने हॉस्टल की समस्या से भी मंत्री को अवगत कराया. साथ ही छात्रों को विभाग से मिलने वाली मासिक अनुदान राशि को एक हजार रुपये से बढ़ाकर दो हजार रुपए करने की घोषणा की है, जिससे छात्रों में हर्ष है. मंत्री ने हॉस्टल के अधिवासी छात्रों को भरोसा दिलाया कि हॉस्टल में जनरेटर व इन्वर्टर की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी. साथ ही हॉस्टल परिसर में बारिश के मौसम में होने वाले जल जमाव की समस्या से भी निजात दिलाने का प्रयास किया जायेगा. उन्होंने बिल्डिंग की मरम्मत व रंग-रोगण कराने की बात कही. मौके से ही जिला कल्याण पदाधिकारी को छात्रों की समस्या को दूर करने का निर्देश दिया. मेस बिल्डिंग में चल रहे निर्माण कार्य को भी देखा. छात्रों से संवाद कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने एसटी हॉस्टल की व्यवस्था पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए दूसरे हॉस्टल के कन्वेनर को नसीहत भी दी. छात्रावास अधीक्षक डॉ दीपक कुमार दिनकर ने मंत्री के हॉस्टल आगमन पर बुके व अंग वस्त्र से सम्मानित किया. मौके पर अपर सचिव बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी मनोज कुमार रजक, जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव कुमार रवि आदि मौजूद थे. कार्यक्रम को सफल बनाने में छात्र नायक मधुकांत कुमार, गौतम कुमार, राकेश कुमार, गोलू कुमार सहित कर्मी किशोर पासवान, पवन कुमार, धर्मेंद्र, छोटू, दीपक मिश्रा आदि ने अहम भूमिका निभायी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
