मुख्य बातें:
भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट
Drainage Cleaning Machine: स्मार्ट सिटी भागलपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की जिम्मेदारी संभालने वाला नगर निगम खुद आधुनिक संसाधनों को कबाड़ में तब्दील करने में जुटा है. एक तरफ जहां निगम प्रशासन ने शहर के विकास और सफाई व्यवस्था के लिए विभाग से ₹3,000 करोड़ के भारी-भरकम फंड की मांग की है, वहीं दूसरी ओर निगम परिसर में ही कड़वा सच देखने को मिल रहा है. शहर के बड़े नालों की गाद निकालने (सफाई करने) के लिए आईं लाखों रुपये की अत्याधुनिक डिसेल्टिंग मशीनें परिसर में लावारिस खड़ी हैं. लंबे समय से इस्तेमाल न होने के कारण इन मशीनों पर जंगल उग आए हैं, टायर पंक्चर हो चुके हैं और इनके कल-पुर्जों में तेजी से जंग लग रहा है.
5 साल से धूल फांक रही हैं 4 मशीनें; हर साल सफाई पर लाखों की बर्बादी
- परिसर में खड़ी गाड़ियां: पिछले 5 वर्षों से नगर निगम परिसर में ऐसी 4 बड़ी मशीनें जस की तस खड़ी हैं. इन मशीनों का उपयोग शहर के मुख्य और बड़े नालों की गहरी सफाई में आसानी से किया जा सकता था.
- लाखों की फिजूलखर्ची: हैरानी की बात यह है कि जब निगम के पास अपनी मशीनें उपलब्ध हैं, तब भी हर साल मानसून के समय शहर के नालों की उड़ाही और सफाई के नाम पर निजी ठेकेदारों के जरिए लाखों रुपये पानी की तरह बहाए जाते हैं. अगर इन मशीनों को सड़क पर उतारा जाता, तो जनता के टैक्स के लाखों रुपये बच सकते थे.
Drainage Cleaning Machine: स्मार्ट सिटी मद से हुई थी खरीद, आधा सामान गायब
मशीनों की खरीद और तकनीकी खामियों को लेकर जो सच सामने आया है, वह नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
जानकारी के अनुसार, करीब 6 साल पहले स्मार्ट सिटी योजना के तहत इन अत्याधुनिक मशीनों की खरीदारी की गई थी. उस वक्त एक मशीन की अनुमानित कीमत लगभग 40 से 50 लाख रुपये आंकी गई थी. लेकिन सबसे बड़ी विसंगति यह रही कि इन मशीनों के कई महत्वपूर्ण और आवश्यक पार्ट्स (आधा सामान) आज तक भागलपुर पहुंचे ही नहीं. तकनीकी पुर्जों के अभाव में ये मशीनें सिर्फ शोपीस बनकर रह गई हैं.
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि निगम प्रशासन थोड़ी भी गंभीरता दिखाता और बचे हुए पार्ट्स की समय पर खरीद कर ली जाती, तो आज शहर के जलजमाव वाले बड़े नालों की समस्या कब की दूर हो चुकी होती. मानसून सिर पर है और शहरवासी एक बार फिर जलजमाव की त्रासदी झेलने को मजबूर हैं, जबकि लाखों का सरकारी संसाधन परिसर में सड़ रहा है.
