Bhagalpur News: पीएम की सभा में चार्जर, पावर बैंक गुटखा-तंबाकू समेत काला कपड़ा ले जाना वर्जित

पीएम और सीएम के कार्यक्रम स्थल पर मोबाइल के अतिरिक्त कोई भी सामान यथा चार्जर, पॉवर बैंक, पानी बोतल, तम्बाकू, गुटखा इत्यादि ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है.

संवाददाता, भागलपुर

पीएम और सीएम के कार्यक्रम स्थल पर मोबाइल के अतिरिक्त कोई भी सामान यथा चार्जर, पॉवर बैंक, पानी बोतल, तम्बाकू, गुटखा इत्यादि ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है. किसी प्रकार का धात्विक वस्तु, झोला, बैग, फूल-माला, गुलदस्ता, काला रंग का वस्त्र जैसे : शर्ट रूमाल इत्यादि को वर्जित किया गया है. वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने इस बाबत आमलोगों से अपील की है. उन्होंने कहा है कि कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग में लोग अपने वाहनों को लगायेंगे और जिला प्रशासन की ओर से पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था की गयी है.

हवाई मार्ग से किया सर्वे, हवाई अड्डा के चारों तरफ दिन-रात निगरानी

पीएम का दौरा. कार्यक्रम की सुरक्षा में जुटेंगे 4000 जवान, फायर ब्रिगेड की 33 टीमें अलर्ट

हवाई अड्डा मैदान में पीएम-सीएम के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी अंतिम चरण में है. शनिवार को तीन बार हेलीकॉप्टर से हवाई अड्डा के आस पास के क्षेत्रों का हवाई सर्वे किया गया. हवाई अड्डा के चारों तरफ सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है. जानकारी मिली है कि कार्यक्रम की सुरक्षा में 4000 से अधिक सुरक्षा बलों को लगाया गया है. दूसरे जिलों से भी जिला पुलिस बलों को बुलाया गया है. कहीं से किसी प्रकार की चूक न हो इसके लिए सुरक्षा इंतजाम की छोटी से छोटी बातों पर ध्यान रखा जा रहा है.

पेट्रोलियम पदार्थ वाले गोदामों की हुई जांच

हवाई अड्डा के आस पास के क्षेत्र में पेट्रोलियम पदार्थ वाले गोदामों की जांच की गयी है. जांच के क्रम में यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं गैस सिलेंडर या अन्य ज्वलनशील पदार्थों का स्टॉक तो नहीं रखा गया है. हवाई अड्डा के पास वाले ही एक गोदाम की जांच की गयी है जबकि हवाई अड्डा के पास वाले पेट्रोल पंप के पास भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं. तो दूसरी तरफ फायर ब्रिगेड की 33 टुकड़ियों को अलर्ट मोड में रखा गया है. भागलपुर, बांका, मुंगेर से भी फायर ब्रिगेड की टुकड़ियों को बुलाया गया है. शुक्रवार और शनिवार को डीएम आवास से हवाई अड्डा तक फायर ब्रिगेड के दमकलों से सड़क पर पानी का भी छिड़काव किया गया था.

लखीसराय, बांका, जमुई और भागलपुर के साइबर पुलिस के पदाधिकारी पहुंचे तिलकामांझी

कार्यक्रम की सुरक्षा के मद्देनजर साइबर पुलिस भी हर जगह नजर रख रही है. इसके लिए देर शाम तिलकामांझी थाने में बांका, जमुई और लखीसराय और भागलपुर के साइबर डीएसपी जमे दिखे. बताया जा रहा है कि साइबर पुलिस ने भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर साइबर सुरक्षा को लेकर रणनीति बनायी है. दूसरी तरफ यह जानकारी भी मिली है कि साइबर पुलिस किसी बड़े अंतरराज्यीय साइबर गिरोह की टोह लेने के लिए भागलपुर पहुंचे थे.

स्कूली वाहन और परीक्षार्थियों को मिलेगा रास्ता

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर विभिन्न मार्गों को प्रतिबंधित कर दिये जाने के बाद परीक्षार्थियों, स्कूली बच्चे और उनके अभिभावकों की सुविधाओं का ध्यान रखा गया है. ट्रैफिक डीएसपी आशीष कुमार सिंह ने कहा कि स्कूली बच्चों के वाहनों और परीक्षार्थियों के वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से या फिर सीधे मार्ग से स्कूल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी पुलिस की होगी. इसके लिए पुलिस प्लान तैयार कर चुकी है. उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में बच्चों को स्कूल या परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मद्देनजर रविवार को शहर में लोगों से अपील की जाएगी कि वे यथासंभव अपने घरों से वाहन लेकर न निकलें. दूसरी तरफ लोगों को ट्रैफिक प्लान की भी जानकारी दी जाएगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >