भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट:
Bhagalpur To Kiul Train: मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मालदा मंडल ने भागलपुर से किऊल के बीच स्पेशल मेमू ट्रेन चलाने की घोषणा की है. यह ट्रेन बुधवार शाम छह बजे भागलपुर स्टेशन से रवाना होगी.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार आठ कोच वाली यह स्पेशल मेमू ट्रेन साहेबगंज से भागलपुर पहुंचेगी और परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए किऊल तक संचालित की जाएगी.
सभी प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
स्पेशल मेमू ट्रेन भागलपुर से खुलने के बाद नाथनगर, अकबरनगर समेत मार्ग के सभी प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए किऊल पहुंचेगी. इससे विभिन्न जिलों से आए परीक्षार्थियों को घर लौटने में सुविधा मिलेगी.
भीड़ को देखते हुए रेलवे का फैसला
रेलवे प्रशासन ने बताया कि परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भागलपुर पहुंचे हैं. पूर्व में आयोजित परीक्षाओं के दौरान ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ देखने को मिली थी. इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए इस बार अतिरिक्त ट्रेन की व्यवस्था की गई है.
रेलवे को उम्मीद है कि स्पेशल मेमू ट्रेन के परिचालन से नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होगा और परीक्षार्थियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा.
ALSO READ: मोबाइल चोरी की अफवाह से भागलपुर स्टेशन पर भगदड़, पांच से अधिक परीक्षार्थी घायल
