भागलपुर : पीरपैंती में तलवार लहराकर फायरिंग करने वाला धराया, परवत्ती में कट्टा लेकर दहशत फैला रहा युवक भी गिरफ्तार

भागलपुर पुलिस ने कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले दो अलग-अलग गिरोहों पर बड़ी कार्रवाई की है. पीरपैंती से फायरिंग का मुख्य आरोपी और परवत्ती से हथियार लहरा रहा युवक गिरफ्तार हुआ है.

भागलपुर जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले असामाजिक तत्वों और अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है. पहली कार्रवाई पीरपैंती थाना क्षेत्र में हुई, जहां नोवा टोली में छापेमारी कर शुक्रवार शाम जानलेवा हमला व फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी को हथियारों के जखीरे के साथ दबोच लिया गया. वहीं दूसरी कार्रवाई विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के परवत्ती में हुई, जहां खुलेआम देसी कट्टा लेकर दहशतगर्दी की कोशिश कर रहे एक युवक को स्थानीय लोगों की सूचना पर रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया. दोनों मामलों की विस्तृत जानकारी सिटी एसपी अतुलेश झा ने पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी.

इमामबाड़ा के पास परवेज अंसारी पर की थी फायरिंग

पीरपैंती की घटना की जानकारी देते हुए सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि शुक्रवार की शाम स्थानीय निवासी परवेज अंसारी अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान इमामबाड़ा के पास चार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और तलवार लहराते हुए जानलेवा नीयत से उन पर फायरिंग कर दी. वारदात की सूचना मिलते ही पीरपैंती थानाध्यक्ष पंकज राउत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया.

गिरफ्तार आरोपित

एसएसपी के निर्देश पर बनी टीम, नोवा टोली में छापेमारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नोवा टोली में दबिश दी और वारदात में संलिप्त मो. इकबाल अंसारी को धर दबोचा. पुलिस ने उसके पास से एक एयर गन, एक लाइटर गन, एक पिस्टल कवर, एक धारदार तलवार, पांच मोबाइल फोन और एक डिजिटल तराजू बरामद किया है. घटना में शामिल तीन अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.

परवत्ती में कट्टा लहराकर दहशत फैला रहा धीरज मंडल गिरफ्तार

दूसरी घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के परवत्ती इलाके की है. शनिवार को यहां एक युवक हाथ में अवैध कट्टा लेकर खुलेआम घूम रहा था और राहगीरों व स्थानीय लोगों में खौफ पैदा करने की कोशिश कर रहा था. स्थानीय नागरिकों की सजगता से इसकी सूचना तत्काल विश्वविद्यालय थाना और डायल 112 की टीम को दी गई. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया.

अपराध की फिराक में था आरोपी, प्राथमिकी दर्ज

गिरफ्तार युवक की पहचान परवत्ती निवासी रमेश मंडल के पुत्र धीरज मंडल के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड देसी कट्टा बरामद किया गया. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था. विश्वविद्यालय थाने में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

पीरपैंती में हुई छापेमारी में थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत, एसआई सुनील कुमार, संगम कुमारी, प्रमोद दास, बृजकिशोर चौधरी और अमरजीत कुमार शामिल रहे. वहीं विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र की कार्रवाई में थानाध्यक्ष अविनाश राउत, एसआई अभिनव कुमार, सूरज कुमार और डायल 112 के जवान मुस्तैद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दिव्यांशु प्रशांत

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >