जुलाई में मॉडल अस्पताल के हैंडओवर करने की उम्मीद

15 दिन में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में लगायें फर्नीचर :

वरीय संवाददाता, भागलपुर सदर अस्पताल परिसर में बन रहे माॅडल अस्पताल परिसर का निर्माण कार्य करीब-करीब पूरा हो चुका है. इस समय मॉडल अस्पताल में तीन लिफ्ट लगाने का काम चल रहा है. एक लिफ्ट लग चुका है, दूसरे लिफ्ट को लगाने का काम चल रहा है. जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीएम मणिभूषण झा ने बताया कि अस्पताल का काम 95 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है. जून खत्म होने में अब 10 दिन का समय शेष बचा है. उम्मीद है कि जुलाई के पहले सप्ताह में तीनों लिफ्ट लगा दिया जायेगा. इसके बाद नवनिर्मित अस्पताल परिसर के हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी होगी. अस्पताल के उद्घाटन को लेकर स्वास्थ्य विभाग से अब तक कोई निर्देश नहीं मिला है. उम्मीद है कि जुलाई मध्य तक निर्माण एजेंसी मॉडल अस्पताल परिसर को हैंडओवर कर देगी. जेएलएनएमसीएच से संबद्ध सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के उद्घाटन की संभावित तिथि 15 जुलाई है. इसको चालू करने के लिए मानव बलों की बहाली की प्रक्रिया तेजी से चल रही है. अगर सब कुछ सही रहा तो जुलाई में शहर को दो अत्याधुनिक अस्पताल की सुविधा मिलेगी. सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल चालू होने से जहां मायागंज अस्पताल पर मरीजों का बोझ कम होगा. वहीं मॉडल अस्पताल चालू होने के बाद इस परिसर में सदर अस्पताल पूरी तरह से शिफ्ट हो जायेगा. —– 15 दिन में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में लगायें फर्नीचर : सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में फर्नीचर लगाने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने हाइट्स एजेंसी को 15 दिन का समय दिया है. हालांकि एजेंसी ने 40 दिन का समय मांगा है. अस्पताल अधीक्षक डॉ राकेश ने बताया कि फर्नीचर की आपूर्ति से पहले एजेंसी ने सैंपल दिये थे. सैंपल देखकर फर्नीचर आपूर्ति का ऑर्डर दे दिया गया. वहीं अस्पताल में मानवबल की बहाली को लेकर एजेंसी का चयन जल्द होगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >