भागलपुर. समर्पित शिक्षक न केवल बच्चों का भविष्य गढ़ते हैं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को नयी दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. शिक्षकों के नवाचार और रचनात्मक प्रयासों से विद्यालयों में शिक्षा का स्वरूप बदल रहा है. ये बातें आरडीडीई भागलपुर सुभाष कुमार गुप्ता ने शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला स्कूल सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में कहीं. समारोह में भागलपुर प्रमंडल के भागलपुर और बांका जिले के नवाचार के साथ शिक्षा में बदलाव लाने वाले 186 शिक्षकों को सम्मानित किया गया.
भागलपुर के 144 और बांका के 42 शिक्षक सम्मानित
शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में भागलपुर जिले के 144 और बांका जिले के 42 शिक्षकों को सम्मान मिला. शिक्षकों को उनके शैक्षिक नवाचार, रचनात्मक कार्यों और शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया. सम्मान समारोह के माध्यम से बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया गया.
‘नव-यत्न’ पत्रिका के द्वितीय अंक का हुआ लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान भागलपुर प्रमंडल की शैक्षिक नवाचार एवं रचनात्मक त्रैमासिक पत्रिका ‘नव-यत्न’ के द्वितीय अंक का लोकार्पण भी किया गया. पत्रिका के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में किये जा रहे नवाचार और रचनात्मक प्रयासों को सामने लाने की पहल की गयी है.
शिक्षकों से मूल कर्तव्यों के प्रति ईमानदार रहने की अपील
डीईओ भागलपुर चंदन कुमार ने कहा कि शिक्षक सम्मानित होने के साथ-साथ ऐसे कार्य भी करते रहें, जिससे भविष्य में भी उन्हें सम्मानित करने का अवसर मिले. उन्होंने शिक्षकों से अपने कार्यों के प्रति निरंतर समर्पित रहने की अपील की.
डीपीओ बांका मो फारूक रहमान ने सम्मानित शिक्षकों से अपने मूल कर्तव्यों के प्रति ईमानदार बने रहने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर विद्यार्थियों के भविष्य को मजबूत आधार दे सकते हैं.
अधिकारियों और शिक्षकों ने संयुक्त रूप से किया उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन आरडीडीई भागलपुर प्रमंडल सुभाष कुमार गुप्ता, डीईओ भागलपुर चंदन कुमार, डीपीओ बांका मो फारूक रहमान, डीपीओ भागलपुर महेश प्रसाद, डीपीओ भागलपुर शशि चंदन चौधरी, बीईओ नाथनगर, अवर निरीक्षक भागलपुर सदर मनोज कुमार, जिला स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ सतदल मंजरी, ‘नव-यत्न’ की संपादक शिक्षिका डॉ शालिनी रघुवंश और प्रूफरीडिंग टीम की सदस्य शिक्षिका रूबी कुमारी ने संयुक्त रूप से किया.
नवाचार से शिक्षा में बदलाव का दिया संदेश
आरडीडीई सुभाष कुमार गुप्ता ने कहा कि सम्मानित शिक्षकों की उपलब्धियां दूसरे शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा हैं. उन्होंने कहा कि समर्पण, नवाचार और रचनात्मक सोच के माध्यम से शिक्षक विद्यार्थियों में सीखने की रुचि विकसित करने के साथ शिक्षा व्यवस्था को भी बेहतर दिशा दे सकते हैं. कार्यक्रम का संचालन आरडीडीई सुभाष कुमार गुप्ता ने किया. समारोह में शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे.
